MAHENDERGARH, 06.03.26-हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के दस स्वयंसेवक राष्ट्रीय एकता शिविर में प्रतिभाग करने हेतु शुक्रवार को कर्नाटक विश्वविद्यालय, धारवाड़ के लिए रवाना हुए। विश्वविद्यालय के इस दल में सुहेल दास, विधि चौधरी, दर्शना, मुस्कान, रवि यादव, प्रियंका, आदित्य, सौरभ, चिराग और अनुष्का शामिल हैं। इन स्वयंसेवकों का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मोरो मारियो कर रहे हैं। 11 मार्च से 17 मार्च तक आयोजित होने वाला यह शिविर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय और पारस्परिक समझ को बढ़ावा देना है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर युवाओं को भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, भाषाओं और सामाजिक जीवन को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कुलपति ने आशा व्यक्त की कि हकेवि के स्वयंसेवक इस शिविर में सक्रिय भागीदारी कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने भी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भागीदारी से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद और सहभागिता से विद्यार्थियों को देश की सांस्कृतिक विविधता को जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

विश्वविद्यालय में एनएसएस समन्वयक डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय एकता शिविर का उद्देश्य सेवा का भाव उत्पन्न कर राष्ट्र निर्माण में सहयोग देना है। विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई इस कार्य को दृढ़ता के साथ स्वयंसेवकों में रोपित कर रहा है। इसी क्रम में यह राष्ट्रीय एकता शिविर इकाई का एक महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने बताया कि इस दल में शामिल स्वयंसेवक सुहेल दास वर्ष 2026 की आरडी परेड में प्रतिभाग कर चुके हैं। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीलम एवं विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।