धर्मशाला, 6 मार्च: हिमाचल प्रदेश उद्योग विभाग एवं जिला उद्योग केंद्र, कांगड़ा द्वारा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला कांगड़ा में फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट तथा एक दिवसीय ईएपी का आयोजन किया गया।

जिला उद्योग केंद्र, कांगड़ा द्वारा डीआरडीए सभागार, धर्मशाला में आयोजित इस एक दिवसीय वित्तपोषण एवं नेटवर्किंग बैठक तथा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन निटकाॅन लिमिटेड के माध्यम से किया गया, जिसमें जिले की लगभग 65 महिला उद्यमियों ने भाग लिया।

यह कार्यक्रम उद्योग विभाग की पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र ओ.पी. जरयाल ने की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को वित्तीय सहायता, विभिन्न सरकारी योजनाओं, विपणन अवसरों तथा नेटवर्किंग प्लेटफाॅर्म से जोड़ना और उन्हें उद्यमिता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना है।
ओ.पी. जरयाल ने कहा कि यह कार्यक्रम रैम्प परियोजना के ‘सामाजिक समावेशन’ घटक के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों की वित्तीय पहुँच को सुदृढ़ करना, उन्हें सरकारी योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ना तथा स्थायी आजीविका एवं बाजार संपर्क सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान महिला उद्यमियों ने सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने उत्साह, सहभागिता और उद्यम सम्बन्धी विभिन्न पहलुओें को जानने और सीखने में अपनी गहन रूचि दिखाई।

बैठक में प्रतिभागियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, विभिन्न सरकारी अनुदान एवं प्रोत्साहन योजनाओं, बीमा योजनाओं, उद्यम पंजीकरण तथा डिजिटल एवं ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रियाओं से संबंधित विस्तृत, व्यवहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक कार्यालय से एग्रीकल्चर सेगमेंट हेड राहुल, एग्रीकल्चर आॅफिसर साहिल एवं मार्केटिंग आॅफिसर पंजाब नेशनल बैंक कोमल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कांगड़ा से मदन लाल, ग्रामीण विकास विभाग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से मिशन कार्यकारी शुभम, शहरी विकास विभाग से संदीप भरमौरी तथा सफल महिला उद्यमी सीमा देवी ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में उद्योग विभाग के परियोजना स्टाफ राघव सिंह राणा, दीपक बख्शी एवं शुभम भी उपस्थित रहे।

इसके अलावा उद्योग विभाग से ईओ नगरोटा मनोज कप्टा, ईओ देहरा नितिन कुमार, ईओ कंदरोड़ी कुशल धीमान, ईओ फतेहपुर जयनेंद्र सिंह, आईपीओ परवीन शर्मा, ईओ लंबागांव ध्यान सिंह तथा स्फूर्ति प्रोजेक्ट हेड संदीप शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।