शाहपुर, 6 मार्च,आज हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजिनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज (हाइट) शाहपुर में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय तीन दिवसीय यूथ फेस्टिवल का शुभारंभ प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग के विद्यार्थी प्रायः अपनी पढ़ाई में व्यस्त रहते हैं, लेकिन विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से अब तकनीकी संस्थानों में खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है ताकि विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनसे व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ कई नई बातें सीखने को मिलती हैं।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में तकनीक बहुत तेजी से बदल रही है और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा।तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अभी बहुत कुछ किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी तकनीकी संस्थानों में नियमित प्रार्थना सभा आयोजित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बीच संवाद बढ़ाने के लिए संस्थानों में विभिन्न क्लब भी बनाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन को आसान और बेहतर बनाने में तकनीकी विशेषज्ञों की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान मुख्यातिथि तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया केवल को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय के डीन प्रो. डॉ. राजेश ने मुख्यातिथि, उपमुख्य सचेतक तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया और विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला।
तीन दिन तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय यूथ फेस्टिवल में प्रदेश के लगभग 20 सरकारी और निजी तकनीकी कॉलेजों के करीब 600 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
इस दौरान ड्रामा, स्किट, ग्रुप डांस, फ्री-स्टाइल डांस, सोलो सॉन्ग सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत भव्य और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सचिव तकनीकी शिक्षा बोर्ड अजय पाठक,एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एचपीटीयू के प्रो. डॉ राजेश, सहायक रजिस्ट्रार डॉ सरेंद्र, हिमुडा के सीईओडॉ सुरेन्द्र, रामानुज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर, हाइट कॉलेज के चेयरमैन रमन कायस्था,एमडी दुष्यन्त कायस्था, प्राचार्य शाहपुर कॉलेज विश्वजीत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, महासचिव प्रदीप बलौरिया, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत कमलजीत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, एचआरटीसी बीओडी निदेशक विवेक राणा, अधिशासी अभियंता विद्युत् अमित शर्मा,रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा के इलावा अन्य गणमान्य नागरिक एवं प्रदेश के विभिन्न तकनीकी संस्थानों से आये हुए उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।