शाहपुर, 6 मार्च: नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी), आवास, तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा नई विद्युत लाइन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी उनके साथ मौजूद रहे।
राजेश धर्माणी ने लंज गाहलियां में 3 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित शाहपुर-लंज 33 केवी विद्युत लाइन का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस विद्युत लाइन के शुरू होने से शाहपुर, कांगड़ा तथा देहरा विधानसभा क्षेत्र की 15 पंचायतों में बिजली आपूर्ति और अधिक मजबूत होगी। इससे क्षेत्र में लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या में काफी हद तक सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि नई विद्युत लाइन से घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे उद्योगों को भी लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। साथ ही बिजली आपूर्ति का लोड संतुलित होने से बिजली व्यवस्था पहले से अधिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश में बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके तहत नई विद्युत लाइनों के निर्माण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा पुराने ढांचे को सृदुढ़ करने के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सके।
इस दौरान मंत्री ने हिमुडा काॅलोनी तथा स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया।
इसके अलावा मंत्री ने हारचकियां में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन निर्माण के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करना समय की जरूरत है, ताकि वे रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा इशांत जस्वाल, ओएसडी आयुष विभाग सुमित पठानिया, चीफ इंजीनियर कांगडा जोन अजय गौतम, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह राणा, एससी जल शक्ति विभाग विशाल जस्वाल, बीडीओ कांगडा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण रवि भूषण, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, डीएफओ धर्मशाला अमित, प्रिंसिपल काॅलेज लंज संजय शर्मा, प्रधानाचार्य आईटीआई शाहपुर चैन सिंह राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।