धर्मशाला, 05 मई। उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को देहरादून में आयोजित एशियन सब जूनियर एवं जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से औपचारिक भेंट की। यह जानकारी देते हुए उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उत्तराखंड के सीएम के साथ हिमाचल तथा उत्तराखंड के पर्यटन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के धामों तथा हिमाचल के शक्ति पीठों में देश भर से लाखों लोग तीर्थाटन के लिए आते हैं तथा दोनों ही राज्यों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खु के नेतृत्व में पर्यटन को विकसित करने के लिए कृत संकल्प है तथा पहाड़ी राज्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत के रूप में आगे आया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सीएम को हिमाचल के पर्यटन विकास के मॉडल को लेकर विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई तथा इस बावत पहाड़ी राज्यों में पर्यटन को विकसित करने के लिए संयुक्त प्रारूप तैयार करने पर भी बातचीत हुई ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल सकें तथा पहाड़ी राज्य आत्मनिर्भर हो सकें।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि उत्तराखंड के सीएम ने हिमाचल की सुख आश्रय योजना के बारे में भी विस्तार से चर्चा करते हुए इन प्रयासों को बेहतर बताया है।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सुख की सरकार के हिमाचल के आत्म निर्भर मॉडल को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है यही कारण हैं कि देश की प्रतिष्ठित संस्थाओं ने भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के प्रयासों को सराहा है।