हमीरपुर 24 सितंबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने वीरवार को राज राजेश्वरी बीएड कॉलेज भोटा में ‘वृद्धजनों हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना’ के तहत इंटरजनरेशनल बॉंडिंग विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने प्रशिक्षु शिक्षकों, वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में उपस्थित अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ एवं युवा पीढी के मध्य संवाद, समझ एवं पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा देना है तथा पीढ़ीगत अंतर को कम करना है।
उन्होंने कहा कि विभाग वृद्धजनों के कल्याण और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए सदैव कृतसंकल्प है। जिला कल्याण अधिकारी ने युवाओं से बडे़ बुजुर्गोें के अनुभवों से सीखने एवं उनके प्रति सम्मान व सेवाभाव बनाये रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए विभाग का धन्यवाद करते हुए राज राजेश्वरी कॉलेज के संस्थापक एवं पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा ने कहा कि वृद्धजनों और युवाओं को एक दूसरे की भावनाओं को समझना चाहिए, जिससे अंतर पीढ़ी की दूरी को कम किया जा सकता है। युवाओं को बुजुर्गाें के अनुभवों से सीख लेनी चाहिए तथा उनके साथ ज्यादा से ज्यादा समय व्यतीत करना चाहिए, ताकि बुजुर्ग अकेलापन महसूस न करंे।
इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी बडसर सतीश कुमार ने अटल वयो अभ्युदय योजना, वरिष्ठ नागरिकों के लिए एकीकृत कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना और कई अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. शिल्पा शर्मा ने बुजुर्गाें के स्वास्थ्य से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। भोटा की पुलिस चौकी प्रभारी निर्मला ठाकुर साइबर क्राइम से बचाव के बारे में बताया। प्राधानाचार्य डॉ राजकुमार धीमान व सौर पंचायत के उपप्रधान ने भी अपने विचार रखे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया गया।