अग्रणी बैंक चम्बा की जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के दिए निर्देश
चम्बा, 24 सितम्बर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज अग्रणी बैंक चम्बा की जिला स्तरीय परामर्शदात्री एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान जिले में बैंकिंग गतिविधियों, वार्षिक ऋण योजना तथा विभिन्न प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों को ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने तथा सरकारी योजनाओं के तहत प्रायोजित ऋण प्रस्तावों का शीघ्र एवं समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित समीक्षा एवं निगरानी के साथ कृषि, किसान क्रेडिट कार्ड, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, शिक्षा, स्वरोजगार तथा अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने पर जोर दिया। उपायुक्त ने बैठक में बताया गया कि जून 2026 को समाप्त तिमाही में जिले का ऋण-जमा अनुपात 35.33 प्रतिशत रहा जिसमें पिछली तिमाही की तुलना में मामूली सुधार दर्ज हुआ है। भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 40 प्रतिशत के मानक तक ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित बनाएं।
बैठक में बताया गया कि जिले का ऋण-जमा अनुपात 35.33 प्रतिशत रहा। वार्षिक ऋण योजना 2026-27 के तहत जून 2026 तक कृषि क्षेत्र में 162.03 करोड़ रुपये तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में 215.32 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड के तहत फसल ऋण, पशुपालन एवं मत्स्य पालन के लिए 48,430 खाते शामिल किए जा चुके हैं।
शिक्षा ऋण के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 608 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके मुकाबले जून 2026 तक 52.42 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया है। यह निर्धारित लक्ष्य का 8.62 प्रतिशत है। उपायुक्त ने पात्र विद्यार्थियों के शिक्षा ऋण मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वित्तीय समावेशन के तहत प्रधानमंत्री जन-धन योजना में 191599 खाते खोले जा चुके हैं। बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा पात्र लोगों को इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने पर भी चर्चा की गई। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, चम्बा की उपलब्धियों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 30 जून 2026 तक 352 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 8990 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 7271 अभ्यर्थियों को रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ा गया जबकि 5,898 महिला अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उपायुक्त ने बैंकों एवं संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों तक ऋण एवं बैंकिंग योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने, ऋण वितरण में तेजी लाने तथा जिले में वित्तीय समावेशन को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए जहां प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, वहां विशेष रणनीति के साथ कार्य किया जाए।
बैठक में
बैठक में कार्यवाही का संचालक प्रबंधक अग्रणी बैंक डीसी चौहान ने किया।
बैठक में प्रबंधक भारतीय रिजर्व बैंक आशीष सांगड़ा उपनिदेशक पशुपालन राकेश भंगालिया, ज़िला विकास प्रबंधक नाबार्ड राकेश कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक दीपक जोशी व सहायक प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक राघव ठाकुर सहित जिला के विभिन्न बेंको के शाखा प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
===========================================
जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
चंबा, 24 सितंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
उपायुक्त आज एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने नशे की रोकथाम एवं प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान की रोकथाम के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम चंबा तथा नगर परिषद डलहौजी के अधिकारियों को भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में अवैध गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने अवगत करवाया कि वर्ष 2026 में 23 सितंबर तक नशा तस्करी से संबंधित 65 मामले दर्ज कर 93 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 18.380 किलोग्राम चरस बरामद कर 35 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसी अवधि में 548.8 ग्राम चिट्टा बरामद कर 57 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। चिट्टा/हेरोइन से संबंधित मामलों में 216.900 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, 2 आईफोन तथा 64,640 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
इसके अतिरिक्त 2.169 किलोग्राम पोपी हस्क बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि 868 पोपी के पौधे भी बरामद किए गए।
उपायुक्त ने शिक्षा, वन एवं पुलिस विभाग को जिले के ऐसे सभी स्कूल परिसरों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां भांग के पौधे उगे हुए हैं। उन्होंने इन पौधों को नियमानुसार हटाने तथा संबंधित क्षेत्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में गत माह आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की भी समीक्षा की गई।
बैठक में उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान नूतन महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजूल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।