आरसेटी में पीएमईजीपी के 23 लाभार्थियों ने ली ट्रेनिंग
हमीरपुर 16 फरवरी। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में पीएमईजीपी योजना के लाभार्थियों के लिए आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 23 लाभार्थियों ने भाग लेकर उद्यमिता के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। शिविर के समापन अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग शिमला के कार्यकारी एसओ सतिंदर खत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सतिंदर खत्री ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद प्रतिभागी अपना उद्यम या कारोबार आरंभ कर सकते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उद्यमिता के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने भी प्रतिभागियों को विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ और किसान क्रेडिट कार्ड इत्यादि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक उपभोक्ताओं के विभिन्न अधिकारों के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक मनोज कुमार, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, रमेश चंदेल और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
==============================
*पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया का शारीरिक परीक्षण आगामी आदेशों तक स्थगित*
ऊना, 16 फरवरी। जिला ऊना में पशु पालन विभाग के अंतर्गत मल्टी टास्क वर्कर्स (पशु मित्र) के 36 पदों हेतु निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाला शारीरिक परीक्षण प्रशासनिक कारणों के चलते आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है।
पशु पालन विभाग के उप निदेशक वीरेन्द्र सिंह पटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा शीघ्र ही शारीरिक परीक्षण की नई तिथियाँ निर्धारित की जाएंगी तथा सभी पात्र अभ्यर्थियों को समय रहते सूचित किया जाएगा।
==========================================
**अग्निवीर सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, 1 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन **
ऊना, 16 फ़रवरी। निदेशक सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर, कर्नल श्रीधर ने जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीर भर्ती योजना के तहत अग्निवीर के विभिन्न पदों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) तथा अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस के पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व योग्य अभ्यर्थी 13 फरवरी से 1 अप्रैल तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in के माध्यम से अपना ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
कर्नल श्रीधर ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है, तो वे सेना भर्ती कार्यालय, हमीरपुर में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी का ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना अनिवार्य है। उन्होंने अभ्यर्थियों से आग्रह किया गया है कि वे आवेदन करने से पूर्व सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें।
=======================================
17 फरवरी को प्रस्तावित वाहन पासिंग व ड्राइविंग टेस्ट स्थगित
ऊना 16 फरवरी। ऊना में 17 फरवरी को आयोजित होने वाली वाहन पासिंग एवं ड्राइविंग टेस्ट प्रक्रिया को प्रशासनिक कारणों के चलते स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ऊना अशोक कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि टेस्ट की नई तिथि निर्धारित होने पर जल्द ही सूचित किया जाएगा।
===========================================
सोलन -दिनांक 16.02.2026

हि.प्र. राज्य अनुसूचित जाति आयोग 17 व 18 फरवरी को सोलन के प्रवास पर

हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान व सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, विजय डोगरा और शालिनी जमवाल 17 व 18 फरवरी, 2026 को सोलन के प्रवास पर रहेंगे।
यह जानकारी आज यहां सरकारी प्रवक्ता ने दी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग 17 फरवरी, 2026 को प्रातः 11.00 बजे उपायुक्त कार्यालय सोलन में अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण के लिए कार्यरत गैर सरकारी संगठनों तथा नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अनुसूचित जाति समुदाय से सम्बन्धित दो-दो निर्वाचित सदस्यों एवं ज़िला सोलन में अनुसूचित जाति समुदाय से सम्बन्धित आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
उन्होंने कहा कि आयोग तदोपरांत दोपहर 02.30 बजे नगर निगम सोलन कार्यालय में सोलन ज़िला के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के आयुक्त, कार्यकारी अधिकारियों, सचिवों एवं डॉ. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के अधिष्ठाता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन तथा महर्षि मारकण्डेश्वर विश्वविद्यालय कुमारहट्टी सोलन और शूलिनी विश्वविद्यालय सोलन के प्रभारी के साथ सफाई कर्मचारियों के कल्याण से सम्बन्धित विषयों पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा कि आयोग 18 फरवरी, 2026 को प्रातः 11.00 बजे उपायुक्त कार्यालय सोलन में ज़िला स्तर के सभी कार्यालय प्रमुखों, सभी उपमण्डलाधिकारियों एवं उप पुलिस अधीक्षकों के साथ अनुसूचित जाति समुदाय से सम्बन्धित अत्याचारों मामलों की समीक्षा करेंगे।
=========================================
सोलन-दिनांक 16.02.2026

अग्निवीर भर्ती योजना के तहत वर्ष 2027 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आरम्भ
प्रथम अप्रैल, 2026 तक जारी रहेगी पंजीकरण प्रक्रिया


भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती योजना के तहत वर्ष 2027 में सोलन, शिमला, सिरमौर व किन्नौर के युवाओं के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। यह जानकारी भर्ती कार्यालय शिमला के भर्ती निदेशक कर्नल मनीष सिंह ने दी।
कर्नल मनीष सिंह ने कहा कि अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क या स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस के लिए ऑनलाइन परीक्षा विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इनकी पात्रता तथा शर्तें भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए वेबसाइट में वीडियो लिंक भी दिया गया है। इस लिंक पर उम्मीदवार बदली हुई प्रक्रिया में पंजीकरण और ऑनलाइन परीक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भर्ती के लिए सभी योग्य उम्मीदवारों को भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। प्रथम अप्रैल, 2026 तक पंजीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार पात्र दो ट्रेड्स के लिए पंजीकरण कर सकते हैं।
कर्नल मनीष सिंह ने कहा कि पंजीकरण से पूर्व उम्मीदवार भारतीय सेना की वेबसाइट पर भर्ती के लिए पात्रता एवं अन्य शर्तों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
========================================================================
उचित मूल्य की दुकान के आवंटन हेतु आवेदन आमंत्रित
बिलासपुर 16 फरवरी : जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले बिलासपुर बृजेन्द्र पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखण्ड झण्डुता की ग्राम पंचायत गेहडवीं के तहत गांव छुमाण वार्ड नम्बर 1 में उचित मूल्य की दुकान का पुनः आवंटन किया जाना है। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता 5 मार्च तक ऑनलाइन पोर्टल https://emerginghimachal.hp.gov.in/back office/site/login पर आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदनकर्ता अपने आवेदन के साथ दसवीं व उच्च शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, सम्बन्धित ग्राम पंचायत सचिव/कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद द्वारा जारी वार्ड प्रमाण पत्र, बीपीएल/ओबीसी/एससी/एसटी प्रमाण पत्र, सार्वजनिक संस्थान/निकायों के पंजीकरण व सहकारी सभा व अन्य संस्थानों के पदाधिकारियों के नाम की सूची, शिक्षित बेरोजगार प्रमाणपत्र, परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी या राजनीतिक पद पर न होने का प्रमाण/घोषणा पत्र, हिमाचल प्रदेश विनिद्र्विष्ट आवश्यक वस्तुओं (वितरण का विनियमन) आदेश-2019 की शर्तों के तहत प्रमाण/शपथ पत्र जो कि जिला नियंत्रक कार्यालय से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त भूतपूर्व सैनिक होने पर पीपीओ/डिस्चार्ज बुक के प्रमाण, उचित मूल्य की दूकान के संचालन स्थल का सत्यापित साइट मैप जो किसी प्राधिकृत अधिकारी द्वारा सत्यापित किया हो की छायाप्रति, उचित मूल्य की दूकान के संचालन हेतु व्यवस्थित कमरे/गोदाम/दुकान किराए पर होने की स्थिति में किरायानामा अथवा स्वामित्व का घोषणा पत्र आदि अनिवार्य रूप से संलग्न करने होंगे। उन्होंने बताया कि उचित मूल्य की दुकान संचालन हेतु एकल नारी, विधवा जो स्वयं अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही हो, शारीरिक रुप से दिव्यांग जो उचित मूल्य की दुकान का कार्य ठीक प्रकार से करने में सक्षम हो वह भी आवेदन कर सकते है।
उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होना चाहिए। प्राप्त आवेदनों की मेरिट के आधार पर प्राथमिकता सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार दी जाएगी और निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिलासपुर के कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस के दिन संपर्क किया जा सकता है।
=========================================================

उपमंडल घुमारवीं एवं झंडूता में पशुमित्र भर्ती प्रक्रिया

घुमारवीं/झंडूता, 16 फरवरी 2026-उपमंडल घुमारवीं एवं झंडूता में पशुमित्र भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत निर्धारित शारीरिक परीक्षा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। यह परीक्षा 20 फरवरी 2026 तथा 24 फरवरी 2026 को आयोजित की जानी थी, जिसमें क्षेत्र के अनेक अभ्यर्थियों को भाग लेना था।

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ अपरिहार्य प्रशासनिक कारणों के चलते परीक्षा को फिलहाल टालने का निर्णय लिया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी।

===============================================

थल सेना अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 01 अप्रैल तक
बिलासपुर, 16 फरवरी: थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आरंभ कर दिया गया है। इस बारे जानकारी देते हुए थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अग्निवीर सामान्य डियूटी (जीडी), अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क एवं एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं-10वीं) और अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 01 अप्रैल तक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। आवेदन के इच्छुक एवं पात्र युवा वेबसाइट - WWW.joinindianarmy.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवार का एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होनी चाहिए तथा आधार नंबर नंबर से लिंक होने चाहिए।
============================================


शिवरात्रि महोत्सव में सजेगी मंडी की दीवारें, पहली वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता 17-18 फरवरी को

मंडी, 16 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर नगर निगम मंडी द्वारा आयोजित मंडी आर्ट फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत पहली बार वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता 17 और 18 फरवरी को शहर के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर होगी, जिसमें चयनित कलाकार मंडी की समृद्ध परंपरा, इतिहास, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते थीम आधारित भित्ति चित्र तैयार करेंगे। निर्णायक मंडल द्वारा कलात्मक अभिव्यक्ति, विषयवस्तु की प्रस्तुति, रंग संयोजन, रचनात्मकता तथा स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों के प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा और प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि अन्य प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सार्वजनिक दीवारों को संस्कृति और रचनात्मकता की जीवंत अभिव्यक्ति में बदलने तथा प्रदेश भर के उभरते कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्राप्त आवेदनों और कलाकृतियों के नमूनों की जांच के बाद 10 टीमों का चयन किया गया है जिनमें रिद्धि सुयाल व गौरव शर्मा (मंडी), योगराज योगी व करण (मंडी), यश ठाकुर व विकास खान (सोलन), अनुराग नेगी व स्नेहा नेगी (किन्नौर) , सपना (शिमला) व सुषमा (मंडी), सिमरन सेन (जेएलएन कॉलेज कुल्लू) व निशु ठाकुर (कुल्लू), सेल्मा नेगी एवं सह-प्रतिभागी (किन्नौर), वृष्टि गिस्ट (मिनिएचर आर्टिस्ट) व अश्विनी राणा (मंडी), लितेश कुमार व अक्षीत (मंडी) तथा कात्यायनी व शुभम (जेएनएल कॉलेज) शामिल हैं।

आयुक्त ने कहा कि यह पहल सार्वजनिक कला को प्रोत्साहित करने, शहर की सौंदर्य वृद्धि करने और युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। नगर निगम ने सभी चयनित कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।

--