डीसी गंधर्वा राठौड़ ने भोरंज में लिया विभिन्न विकास कार्यों का जायजा

भोरंज 16 फरवरी। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को भोरंज का दौरा करके वहां जारी विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सम्मू ताल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य का जायजा लिया। सम्मू ताल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए उपायुक्त ने अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने यहीं पर निर्माणाधीन बस अड्डे के कार्य की प्रगति का जायजा भी लिया। उन्होंने मिनी सचिवालय भोरंज के परिसर का भी निरीक्षण करके अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने मिनी सचिवालय के पास निर्माणाधीन सामुदायिक भवन और खेल के मैदान की साइट पर जाकर भी निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भोरंज उपमंडल में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा इन योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण फीडबैक लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि अगर किसी योजना के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर कोई दिक्कत आ रही है या उसमें कुछ सुधार की आवश्यकता है तो संबंधित अधिकारी उसके बारे में नियमित रूप से फीडबैक अवश्य दें।
इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को विभिन्न विकास कार्यों तथा कल्याणकारी योजनाओं की ताजा स्थिति से अवगत करवाया।
================================
जिलाधीश ने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए निर्धारित किए रूट चार्ट

हमीरपुर 16 फरवरी। जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने जिला हमीरपुर की सभी दस गैस एजेंसियों के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए अलग-अलग रूट चार्ट एवं दिन निर्धारित किए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए जिलाधीश ने सभी गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिसूचित रूट चार्ट, दिन एवं समय के अनुसार लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाएं। सभी संचालक अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम के बाहर रूट चार्ट प्रदर्शित करें।
अगर किसी क्षेत्र में निर्धारित दिन को किन्हीं कारणों से सिलेंडरों की आपूर्ति संभव न हो तो उसके बारे में उपभोक्ताओं को सूचित करें। गोदाम में सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक रखें तथा अन्य सभी नियमों की भी अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करंे। इनका उल्लंघन करने वाले गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
===============================

एसडीएम कार्यालय के लिए कंप्यूटरों की आपूर्ति की निविदाएं 25 तक

हमीरपुर 16 फरवरी। एसडीएम कार्यालय हमीरपुर के लिए आई-5 डैस्कटॉप कंप्यूटरों और यूपीएस की आपूर्ति के लिए 25 फरवरी सुबह 11 बजे तक निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। ये निविदाएं 25 फरवरी को ही सुबह साढे ग्यारह बजे खोल दी जाएंगी। एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि निविदा के नियमों एवं शर्तों के संबंध में अधिक जानकारी के लिए एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
================================
हमीरपुर में महिला और पुरुष सिक्योरिटी गार्ड के साक्षात्कार 20 को

हमीरपुर 16 फरवरी। नई दिल्ली की प्रसिद्ध सिक्योरिटी कंपनी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड महिला और पुलिस सिक्योरिटी गार्ड के 60 पदों को भरने के लिए 20 फरवरी को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लेगी।
इन पदों के लिए 18 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। सिक्योरिटी गार्ड का अनुभव रखने वाले 40 वर्ष तक के उम्मीदवार भी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई पांच फुट सात इंच और महिलाओं के लिए पांच फुट रखी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को आठ घंटे की डयूटी पर 13,170 रुपये और बारह घंटे की डयूटी पर 19,755 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। उन्हें ईपीएफ, दुर्घटना बीमा, स्वयं एवं परिवार के लिए ईएसआई स्वास्थ्य बीमा, दस साल की निरंतर सेवा पर पेंशन सुविधा, मुफ्त वर्दी, कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण और कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए कंपनी के मोबाइल नंबरों 98573-88030 और 95999-56620 या जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
======================================
हमीरपुर में 17 को 3 कंपनियां लेंगी साक्षात्कार

हमीरपुर 16 फरवरी। जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में 17 फरवरी को सुबह साढे दस बजे मिनी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन कंपनियां विभिन्न पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों पर 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड हमीरपुर सीनियर बीडीएम और बीडीएम के दो पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी। इन पदों के लिए स्नातक एवं एमबीए (मार्केटिंग) डिग्रीधारक भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 20 से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अणु की प्राइवेट कंपनी मैसर्स विमांशु एलिवेटर एंड एस्क्लेटर में सेल्स मार्केटिंग के 6 पद, सर्विस एंड इंस्टॉलेशन इंजीनियर के 8 पद और महिला अकाउंटेंट के 2 पद भरे जाएंगे। सेल्स मार्केंटिंग के लिए बारहवीं पास तथा कम से कम एक वर्ष का अनुभव रखने वाले 25 से 40 वर्ष तक के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 22 से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। सर्विस एंड इंस्टॉलेशन इंजीनियर के लिए इलेक्ट्रिशियन या फीटर ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक 20 से 40 वर्ष तक के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 15 से 25 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। अकाउंटेंट के पदों के लिए स्नातक तथा दो वर्षों का अनुभव रखने वाली 25 से 40 वर्ष तक की महिलाएं पात्र होंगी। चयनित उम्मीदवारों को 20 से 28 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
हैलीपोर्ट के कार्य के कारण 26 तक बंद रहेगी सासन-बलेटा सड़क

हमीरपुर 16 फरवरी। जिला मुख्यालय के निकट जसकोट में हैलीपोर्ट के निर्माण कार्य के कारण सासन-बलेटा सड़क पर यातायात 26 फरवरी तक बंद किया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जसकोट में हैलीपोर्ट के निर्माण के लिए आजकल पहाड़ी की कटिंग का कार्य प्रगति पर है। इसको देखते हुए सासन-बलेटा सड़क पर वाहनों की आवाजाही 26 फरवरी तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक पक्का भरो-दड़ूही चौक-कमलाह सड़क से या सासन चौक से दड़ूही और कमलाह होते हुए बलेटा तक आवाजाही कर सकते हैं।
===========================================

28 फरवरी तक बंद रहेगा संपर्क मार्ग

हमीरपुर 16 फरवरी। उपमंडल बड़सर के अंतर्गत भकरेड़ी क्षेत्र में अनुसूचित जाति बस्ती के संपर्क मार्ग पर सीसी पेवमेंट लगाने का कार्य आरंभ किया गया है। इसलिए, इस मार्ग पर यातायात 28 फरवरी तक बंद किया गया है। जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए बताया कि सीसी पेवमेंट लगाने के कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने के लिए उक्त संपर्क मार्ग को 28 फरवरी तक बंद किया गया है।