सोलन-दिनांक 02.11.2025-अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि भारतीय सेना देश का गौरव है और प्रत्येक देशवासी को भारतीय सेना पर गर्व है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में 20 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाले पूर्व सैनिक लीग अर्की के सामुदायिक भवन के प्रथम तल की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि सैनिकों के हौसले से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और करोड़ों लोग खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि देश की सेवा के बाद सेवानिवृत्त होकर घर लौटने वाले सैनिकों का सम्मान करें। उनकी समस्याओं के निवारण में सहायक बनें और उनके विभिन्न कार्यों को अभिलम्ब पूर्ण करें।
उन्होंने पूर्व सैनिक लीग अर्की के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों ने अपना बहुमूल्य समय देश की सेवा में दिया और अब सेवानिवृत्ति के उपरांत भी सामाजिक कार्यों में अपना सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने आशा जताई कि पूर्व सैनिक लीग अर्की के प्रयासों से प्रेरणा लेकर युवा भारतीय सेना का अभिन्न अंग बनने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, वीर नारियों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में भूतपूर्व सैनिकों, सेवारत सैनिकों, वीर नारियों के उत्थान के लिए अनेक सकारात्मक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। बातल चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र आरंभ होगा। इस कार्य के लिए 24 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक ने इस अवसर पर उत्तर भारत के मास्टर बॉडीबिल्डिंग पुरुष वर्ग में पहला स्थान हासिल करने वाले राजेश भट्टी को सम्मानित भी किया।
पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यातिथि का स्वागत किया और लीग की गतिविधियों से अवगत करवाया।
विधायक ने युद्ध स्मारक पर छत निर्माण कार्य के लिए 75 हज़ार रुपए देने की घोषणा भी की।
संजय अवस्थी ने बातल एवं तदोपरांत लोक निर्माण विभाग अर्की के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनी और इनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान रूप सिंह, ग्राम पंचायत दानोघाट की प्रधान मंजू, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, कांग्रेस पार्टी के गुरदासु, प्यारेलाल, कमलेश शर्मा, डी.डी. शर्मा, कपिल ठाकुर, सुरेंद्र पाठक व धनीराम ठाकुर, पूर्व सैनिक लीग अर्की के कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर मस्तराम वर्मा, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेश शर्मा, प्रदेश विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं एक्स सर्विस मेन लीग अर्की के सदस्य व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।