चंडीगढ़, 11 अक्टूबर। इंडियन नेशनल लोकदल की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने आईपीएस, आईजीपी वाई पूरन कुमार की अकस्मात मृत्यु पर गहरा दुख एवं अफसोस प्रकट करते हुए कहा कि पूरा इनेलो पार्टी परिवार भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
सुनैना चौटाला ने कहा कि प्रदेश में चौ. अभय सिंह चौटाला की बढ़ती लोकप्रियता और लोगों द्वारा दिए जा रहे अथाह प्यार और सम्मान से कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। खासकर रोहतक में चौधरी देवीलाल के सम्मान दिवस पर हुई रैली की अपार सफलता के बाद प्रदेश के लोगों ने जो प्यार और प्रेम चौ. अभय सिंह चौटाला को दिया है उससे कांग्रेस के नेताओं की रात की नींद और दिन का चैन छिन गया है। इसलिए चौ. अभय सिंह चौटाला को बदनाम करने के लिए कांग्रेस नेताओं द्वारा एक नकली डॉक्टर्ड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही है। हम इस वीडियो को सिरे से नकारते हैं। इनेलो पार्टी तो हमेशा से ही किसान, कमेरे और दलितों की पार्टी रही है। चौधरी देवीलाल ने दलितों की भलाई के लिए गांव गांव में चौपालें बनवाई थी, जच्चा बच्चा योजना शुरू की थी, दलित परिवार में बेटी की शादी के लिए कन्यादान योजना शुरू की थी। उनके बाद चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने दलित भाईयों को सत्ता में भागीदारी दी और कई अहम पदों पर नियुक्तियां की। इसके उलट कांग्रेस तो हमेशा से ही दलित विरोधी रही है। कांग्रेस द्वारा करवाए गए गोहाना कांड और मिर्चपुर कांड दलितों के साथ अत्याचार की कहानी बयां करते हैं।