उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक आयोजित
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्केल ऑफ फाइनेंस के निर्धारण पर हुई विस्तृत चर्चा
बिलासपुर, 07 मार्च: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में जिला स्तरीय तकनीकी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला प्रबंधक, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा किया गया, जिसमें कृषि, उद्यान, पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन, मत्स्य पालन तथा उद्योग विभाग के रेशम उत्पादन सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा वर्ष 2026-27 के लिए स्केल ऑफ फाइनेंस के निर्धारण को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान विभिन्न कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए आवश्यक लागत, उत्पादन व्यय तथा किसानों की वित्तीय आवश्यकताओं का गहन विश्लेषण किया गया।
बैठक में उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि स्केल ऑफ फाइनेंस कृषि तथा इससे संबंधित गतिविधियों के लिए बैंक ऋण उपलब्ध करवाने का एक महत्वपूर्ण आधार होता है। इसके माध्यम से किसानों, बागवानों तथा पशुपालकों को उनकी विभिन्न गतिविधियों जैसे फसल उत्पादन, बागवानी, डेयरी, मछली पालन, भैंस एवं गाय पालन तथा रेशम उत्पादन आदि के लिए बैंकिंग संस्थाओं से ऋण सुविधा प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए निर्णयों एवं सिफारिशों को राज्य स्तरीय तकनीकी समिति (एसएलटीसी) को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। राज्य स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा अनुमोदन के पश्चात बिलासपुर जिले के लिए निर्धारित स्केल ऑफ फाइनेंस लागू किया जाएगा, जिससे जिले के किसानों, बागवानों और पशुपालकों को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए तथा उत्पादन लागत, संसाधनों की उपलब्धता और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्केल ऑफ फाइनेंस निर्धारित करने को लेकर अहम सुझाव दिए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंकिंग संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

========================================

महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर 07 मार्च: महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आज अम्बेडकर भवन, लखनपुर, सदर बिलासपुर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपनिदेशक उच्च शिक्षा रेणु कौशल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेन्द्र कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी सत्या ठाकुर, जिला संरक्षण इकाई से सत्या चंदेल तथा सांख्यिकी सहायक सुनील चंदेल बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उप निदेशक उच्च शिक्षा रेणु कौशल ने कहा कि महिलाओं का समाज में महत्वपूर्ण स्थान है तथा महिलाओं को समान सम्मान और अधिकार मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला और बेटी को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध होने चाहिए ताकि वह शिक्षित होकर परिवार के साथ-साथ समाज को आगे बढ़ाने में सक्षम हो सके। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य तथा पोषण पर विशेष ध्यान देना भी आवश्यक है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वयं सहायता समूह, स्वरोजगार तथा कौशल विकास कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बेटियों को पढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों के बारे में जानकारी होना भी आवश्यक है। महिलाएं पंचायत तथा सामाजिक कार्यों में भाग लेकर समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने जोर दिया कि जब महिलाएं सशक्त और आत्मविश्वासी होंगी, तभी समाज और देश का समुचित विकास संभव होगा।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सहायिकाओं को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया तथा म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में सदर परियोजना बिलासपुर के विभिन्न वृत्त पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों तथा महिला मंडलों की महिलाएं उपस्थित रही।

=========================================================

यूको आरसेटी बिलासपुर में सम्पन्न हुआ मशरूम उत्पादन का 10 दिवसीय प्रशिक्षण
बिलासपुर, 07 मार्च: यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बिलासपुर के माध्यम से बिलासपुर जिला में मशरूम उत्पादन का 10 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में स्वयं सहायता समूहों तथा बीपीएल परिवार के 35 लोगों ने भाग लिया।
संस्थान के निदेशक अजय कुमार शर्मा ने सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र दिए। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चलाया जा रहा है तथा जिला के बेरोजगार ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए कई गतिविधियों में निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करता है। अब तक जिला में बहुत से युवाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया है। उन्होंने बताया कि संस्थान ग्रामीण क्षेत्र के 18 से 50 वर्ष के युवाओं के लिए विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण प्रदान करता है जिनमें ड्रेस डिजाईनिंग, ब्यूटीपार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग बनाना, खिलौना बनाना, कंप्यूटर बेसिक, मोटर ड्राइविंग आदि शामिल हैं।
उन्होंने लोगों को बैंक द्वारा चलाई जा रही अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बीमा योजना आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंकों द्वारा स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, पीएमईजीपी, पीएमएफएमई, स्टैंड अप-इंडिया और बहुत सी अन्य ऋण सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाती है। इच्छुक प्रशिक्षणार्थी यूको आरसेटी बिलासपुर में कोई भी बताये गए प्रशिक्षणों का निशुल्क लाभ उठाने के लिए पंजीकरण करवा सकते।
उन्होंने बताया कि यूको बैंक द्वारा ब्यूटी पार्लर का निशुल्क प्रशिक्षण शीघ्र आरम्भ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यार्थी इसके लिए अपना आवेदन कार्यालय में स्वयं आकर या मोबाइल नंबर 89888-18600 पर काॅल करके तथा फेसबुक पेज पर क्यूआर कोड को स्कैन करके भी पंजीकरण कर सकते है।
==============================================

कलोल में उपजे हालात को लेकर जिला मुख्यालय में बैठक आयोजित, जिला प्रशासन ने शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील

बिलासपुर 7 मार्च 2026-तलाई थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद उत्पन्न परिस्थितियों और तनाव को देखते हुए शनिवार को जिला मुख्यालय बिलासपुर के बचत भवन में जिला प्रशासन तथा सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के सदस्यों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है और इस मामले में आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले तथा समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपायुक्त ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने लोगों से आह्वान किया कि इस प्रकार की किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें तथा शरारती तत्वों की बातों में न आएं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से सभी समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में सर्वधर्म समभाव राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।