धर्मशाला, 29 सितम्बर: उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत अगले पांच वर्षों में 100 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। वित्त वर्ष 2025-26 में 20 करोड़ रुपए की लागत से 1000 से 1050 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। योजना के तहत पौधारोपण एवं रखरखाव पर 1.20 लाख रुपए प्रति हेक्टेयर अनुदान का प्रावधान किया गया है।

सोमवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ पंचायत के कसुम्बर गांव में वन संवर्धन योजना के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ करने के उपरांत कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में राजीव गांधी वन संवर्धन योजना आरंभ की गई है। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने बताया कि इस विधायक ने कहा कि वनों का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, सालगिरह या अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधारोपण का संकल्प लें और हर घर-परिवार से प्रकृति संरक्षण में भागीदारी सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर अरण्यपाल बासु कौशल ने योजना और महोत्सव की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान डीएफओ राहुल कुमार ने मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने महिला मंडल बागेश्वरी, जागरूक महिला मंडल, कृपालेश्वरी महिला मंडल तथा बाबा बालक नाथ महिला मंडल को पौधे भी वितरित किए। इसके साथ ही स्कूल के विद्यार्थियों को अपनी तरफ से स्कूल बैग भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कानून सचिव श्री बाली, वैज्ञानिक अधिकारी सुनंदा पठानिया, महिला मंडल की प्रधान सुनीता, पंचायत प्रधान रेखा सहित महिला मंडल की पदाधिकारियों ने अर्जुन, जामुन, आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। मौके पर स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं स्कूल के विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।