हिसार, 27.09.25-- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कांन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने उकलाना अनाज मंडी में धान खरीद का जायजा लिया। व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने उपस्थित व्यापारी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने धान की खरीद 22 सितंबर से शुरू करने की घोषणा के बावजूद भी उकलाना में सरकारी अधिकारी खरीद नहीं कर रहे हैं। बजरंग गर्ग ने सरकारी खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को फोन करके तुरंत धान की सरकारी खरीद करने को कहा।

बजरंग गर्ग ने कहा कि अगर आज धान की सरकारी खरीद शुरू नही की तो मंडी बन्द करके हडताल की जाएगी। सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार मंडियों में से धान की सरकारी खरीद करनी चाहिए जबकि मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में धान की सरकारी खरीद 3100 रुपए प्रति क्विंटल करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री को अपनी घोषणा के अनुसार 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की खरीद करनी चाहिए। मगर किसान की धान मंडी में रूल रही है धान एमएसपी से 250 रुपए से लेकर 500 रुपए प्रति क्विंटल तक मंडियों में बिक रही है। सरकार को हर अनाज की खरीद मंडी के आढ़तियों के माध्यम से करनी चाहिए। सरकार ने सरसों व नरमा आदि फसलें सरकारी एजेंसियां सीधी खरीद कर रही है, वह उचित नहीं है। सरकार को हर अनाज खरीद पर आढ़तियों को 2.5 प्रतिशत पूरी दामी देनी चाहिए। बजरंग गर्ग ने कहा कि आढ़तियों को अनाज खरीद पर अगर कमीशन नहीं मिलेगा, तो आढ़ती मंडी में दुकान करके क्या करेगा जबकि हरियाणा सरकार ने अनाज मंडियां बनाकर व्यापारियों को करोड़ों रुपए में दुकान बेच रखी है और व्यापारियों ने अनाज के व्यापार में करोड़ों रुपए लगा रखे हैं। ऐसे में हर अनाज खरीद मंडी के आढ़तियों के माध्यम से नहीं होगी तो आढ़ती बर्बाद हो जाएगा। जिससे हरियाणा की मंडियां भी बंद हो जाएगी।

इस अवसर पर अनाज मंडी प्रधान धर्मपाल धायल, पूर्व प्रधान राजेश बिढमडा व सुभाष फरीदपुरिया, प्रदेश संगठन सचिव सतीश बंसल, व्यापार मंडल के युवा प्रधान विनोद मित्तल, गुलशन बढ़ला, राजकुमार गर्ग, बलराज गर्ग, तुलसी ग्रोवर, महेंद्र मुनीम, बलजीत मुनीम, विक्रम बोलान, संजय धायल, बलजीत नंम्बरदार, विनय जैन, मांगेराम, संजय गोयल, हरीश होशियारा बिढमडा, दिनेश बंसल, सत्यपाल जैन, श्याम सुंदर बंसल आदि व्यापारी प्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे।