विभागीय परीक्षाओं में 98 प्रतिशत फेल परिणाम ने भाजपा की बिना पर्ची और बिना खर्ची की खोल दी पोल: चौ. अभय सिंह चौटाला

जेल विभाग के विभागीय पेपर में 41 में से 40 अधिकारी फेल, क्रिमिनल लॉ विभाग के 24 में से 18 कर्मचारी फेल

- अगर इनकी जगह योग्य अधिकारियों की भर्ती की होती तो विभागीय परीक्षा का परिणाम बिल्कुल उलटा आता और फेल होने वालों की संख्या 2 प्रतिशत और पास होने वालों की संख्या 98 प्रतिशत होती

चंडीगढ़, 14 अगस्त। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना पर्ची-बिना खर्ची की बात करने वाली भाजपा की हाल ही में विभागीय परीक्षाओं के आए नतीजों ने पोल खोल दी है।

हरियाणा के जेल विभाग के अधीक्षक, उपाधीक्षक, सहायक अधीक्षक और उप-सहायक अधीक्षक के लिए हुई विभागीय परीक्षाओं में 41 अधिकारियों में से 40 अधिकारी फेल हो गए जो कि कुल अधिकारियों की संख्या का 98 प्रतिशत बनता है। मात्र 2 प्रतिशत ही पास हुए।
वहीं क्रिमिनल लॉ विभाग के विभागीय पेपर में 24 में से 18 कर्मचारी फेल हो गए हैं जो कि कुल संख्या का 75 प्रतिशत बनता है।

जेल विभाग और क्रिमिनल लॉ विभाग के विभागीय परीक्षा के आए परिणामों में इतनी बड़ी तादाद में अधिकारियों और कर्मचारियों के फेल हो जाने से साफ पता चलता है कि जो अधिकारी और कर्मचारी भाजपा सरकार ने भर्ती किए थे वो इन पदों के लायक नहीं थे और भाजपा सरकार ने भर्तियों में खर्ची और पर्ची का भरपूर इस्तेमाल किया है। अगर इनकी जगह योग्य अधिकारियों की भर्ती की होती तो विभागीय परीक्षा का परिणाम बिल्कुल उलटा आता और फेल होने वालों की संख्या 2 प्रतिशत और पास होने वालों की संख्या 98 प्रतिशत होती। कितने ही ऐसे उदाहरण हैं जब सरकारी नौकरी के लिए पैसों का लेनदेन पकड़ा गया है। यहां तक कि पिछले टर्म में भाजपा के विधायक के बेटे की ऑडियो लीक हुई थी जिसमें सरकारी नौकरी के लिए पैसों का लेनदेन की बात कही गई थी। एचपीएससी के अधिकारी से 3.5 करोड़ रूपए बरामद किए गए थे। कुल मिला कर भाजपा सरकार में खुल के चल रही है पर्ची और खर्ची।