मंगलवार को इनेलो ने पंजाब की आप पार्टी द्वारा भाखड़ा का पूरा पानी न देने के विरोध में सडक़ों पर उतर कर हिसार जोन के 7 जिलों में किया जोरदार प्रदर्शन, उपयुक्तों को प्रधानमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन
पंजाब में तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू कर हरियाणा को उसके हक का पानी दिलाए केंद्र सरकार: रामपाल माजरा
हरियाणा का हक मारने वाले पंजाब सीएम मान की तुरंत हो गिरफ्तारी: आदित्य देवीलाल
पानी नहीं छोड़ा तो पंजाब के रास्ते कर देंगे बंद: उमेद लोहान
हरियाणा के हिस्से का पानी रोककर घटिया राजनीति कर रही है आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार: सुनैना चौटाला
चंडीगढ़, 6 मई। पंजाब द्वारा भाखड़ा के पानी का हरियाणा का पूरा हिस्सा न देने और पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा गैरकानूनी ढंग से बीबीएमबी पर ताला जडऩे व पुलिस की तैनाती करने के विरोध में इनेलो पार्टी ने सडक़ों पर उतर कर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान मटके फोड़े और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पुतले जलाए। हिसार जोन के 7 जिलों जींद में प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, हिसार में राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान, सिरसा में विधायक अदित्य देवीलाल, फतेहाबाद में महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, भिवानी में पूर्व विधायक ओमप्रकाश गोरा, दादरी में पूर्व विधायक रणबीर मंदोला और महेंद्रगढ़ में सुरेंद्र कौशिक की अगुवाई में प्रदर्शन किया और सभी उपायुक्तों को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे। प्रदर्शन में इनेलो के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं समेत भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली और हरियाणा में लोगों ने आम आदमी पार्टी का सफाया कर दिया है। अब पंजाब से भी इस पार्टी को अपना सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। यही कारण है कि आप पार्टी लोगों की भावनाओं का फायदा उठाने की फिराक में है और संघीय ढांचे को नकार कर अराजकता फैलाने का काम कर रही है। माजरा ने कहा कि इनेलो पार्टी हरियाणा के किसानों के लिए किसी भी स्तर तक लड़ाई लड़ेगी। पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल ने भी जल युद्ध किया था। इसके बाद चौधरी अभय सिंह चौटाला ने भी एसवाईएल के पानी के लिए लगातार संघर्ष किया है। इनेलो पार्टी केंद्र सरकार से मांग करती है कि पंजाब में तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए और बीबीएमबी के फैसले के अनुसार हरियाणा को उसके हक का पानी दिया जाए। ताकि प्रदेश में सिंचाई व पेयजल के लिए पानी की कमी न रहे। माजरा ने कहा कि पानी नियंत्रण कक्ष पर ताला लगाना और पुलिस तैनात करना दुर्भाग्यपूर्ण है। पंजाब सरकार को संघीय ढांचे का सम्मान करना चाहिए।
इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल चौटाला ने कहा कि यदि केंद्र सरकार सही मायने में हरियाणा को भाखड़ा से उसके हिस्से का पानी दिलाने को गंभीर है तो उसे फौरन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को गिरफ्तार करवाकर जेल भेजना चाहिए। उन्होंने कहा कि सही मायने में केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार हरियाणा को उसके हक का पानी दिलाने को लेकर पूरी तरह से उदासीन हैं। इसी से पता चलता है कि सरकार गंभीर नहीं है। हरियाणा में पानी की किल्लत का प्रमाण ये है कि प्रत्येक गांव में लोग पीने के लिए पानी का टैंकर 700 से 800 रुपए में खरीदने को मजबूर हंै। उन्होंने आरोप जड़ा कि पानी के मूल मुद्दे पर प्रदेश की नायब सरकार ने पंजाब के समक्ष घुटने टेक दिए हैं।
राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान ने कहा कि पंजाब ने आज तक किसी भी फैसलों को लागू नहीं किया है। पंजाब की भगवंत मान सरकार नैतिकता भूल कर ओछे हथकंडे अपना रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री के खिलाफ गैरकानूनी कार्य करने पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी हरियाणा के हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगी। उन्होंने कहा कि आज का प्रदर्शन केवल चेतावनी मात्र है अगर पंजाब ने हरियाणा का पानी नहीं दिया तो इनेलो पंजाब के रास्ते बंद करने से पीछे नहीं हटेगी।
सुनैना चौटाला ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने हरियाणा के हिस्से का पानी रोककर घटिया राजनीति करने का परिचय दिया है। आम आदमी पार्टी के नेता एक तरफ हरियाणा में घडिय़ाली आंसू बहा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ पंजाब में उनकी सरकार हरियाणा खासकर फतेहाबाद, हिसार और सिरसा क्षेत्र में खेती को बर्बाद करने और लोगों को प्यासा मारने काम कर रही है। केन्द्र सरकार को तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप कर विवाद को हल करवाना चाहिए। प्रधानमंत्री को तुरंत इस मामले में हस्तक्षेप कर जल विवाद को सुलझाना चाहिए, क्योंकि आज हरियाणा प्रदेश का किसान, मजदूर व प्रत्येक जन पानी के लिए हाहाकार मचा रहा है। पानी न मिलने से किसान फसलों की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं।