शाहपुर, 25 सितम्बर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी की दरीणी पंचायत में वीरवार को विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने 4.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी के विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस सब स्टेशन से धारकंडी क्षेत्र की आठ पंचायतों के करीब 8600 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या का समाधान होगा तथा लोगों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
उन्होंने इस परियोजना के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
पठानिया ने बताया कि कुठारना में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए 10 लाख रुपये की लागत से नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। वहीं रूलेड और हार बोह में करीब 25 लाख रुपये की लागत से 25 केवीए ट्रांसफार्मरों को 63 केवीए में अपग्रेड किया गया है।
उन्होंने कहा कि लाहड़ी और घटारड़ा में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दरीणी सब स्टेशन से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। इसके अतिरिक्त आपात स्थिति में विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए शाहपुर से वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत अमन चौधरी, अधिशाषी अभियंता गज प्रोजेक्ट अनिल शर्मा, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा,सहायक अभियंता विद्युत् रमेश, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिप सदस्य संदीप,उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व जिप रीतिका शर्मा, पूर्व बीडीसी अक्षय अत्री, धारकण्डी कांग्रेस प्रधान शशी शर्मा, राजेंद्र के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे