नीलोखेड़ी/करनाल-10.09.26- सरकारी विकास कार्यों की गुणवत्ता केवल तकनीकी मानकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह कार्य के प्रति जिम्मेदारी, सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना से भी जुड़ी है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने कार्य को पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करते हुए यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक बेहतर गुणवत्ता के साथ पहुंचे। यह बात हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कही। वे संस्थान में गुणवत्ता आश्वासन प्राधिकरण, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। डॉ. चौहान ने कहा कि जापान की पहचान उसकी तकनीक के साथ-साथ गुणवत्ता के लिए है और इसी प्रकार विकसित भारत एवं विकसित हरियाणा की पहचान भी गुणवत्तापूर्ण कार्यों से होनी चाहिए।
इस अवसर पर संस्थान से सहायक आचार्य संदीप कुमार के साथ कनिष्ठ अभियंता आसिफ अली, कनिष्ठ अभियंता अनिल यादव, कनिष्ठ अभियंता दीपक, कनिष्ठ अभियंता देवेंद्र तथा कनिष्ठ अभियंता प्रदीप सहित संबंधित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी में सक्रिय सहभागिता की तथा गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अपने कार्यक्षेत्र में आने वाली तकनीकी चुनौतियों, विकास कार्यों की निगरानी तथा गुणवत्ता मानकों के अनुपालन से संबंधित विषयों पर संवाद का अवसर भी मिला।