चंबा, सितम्बर 9-विधायक नीरज नैय्यर ने कहा कि चंबा विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित बनाना उनकी विशेष प्राथमिकता है। क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। पार्किंग, सड़क सुधार, सीवरेज, खेल ढांचे और हवाई कनेक्टिविटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से काम जारी है।
नीरज नैय्यर आज चिल्ड्रन पार्क (चौगान नंबर-4) में विभिन्न विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं शिलान्यास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने इस दौरान लगभग 65 लाख रुपये की राशि से विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं भूमि पूजन किए। इनमें चिल्ड्रन पार्क के पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास तथा चौगान नंबर-3 के सौंदर्यीकरण तथा चौगान नंबर-2, 3, 4 और 5 के फुटपाथों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास शामिल है।
विधायक ने इससे पहले श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमि पूजन भी किया।
नीरज नैय्यर ने जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि चंबा शहर में वाहन पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए भगोत पार्किंग के लिए 25 करोड़ धनराशि की प्रशासनिक स्वीकृति उपलब्ध करवाई गई है। इसके तहत 10 करोड़ की राशि उपलब्ध हो चुकी है।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि पुराने बस अड्डा परिसर में प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसे 4 मंजिल के बजाय 6 मंजिल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है ताकि शहर में वाहनों की पार्किंग समस्या का दीर्घकालिक समाधान हो सके।
विधायक ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के सरोल स्थित नए परिसर तक शहर वासियों की पहुंच आसान करने के लिए बाया पक्काटाला-बालू संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्यों के लिए 1 करोड़ 25 लाख के तैयार किए गए प्राक्कलन के आधार पर प्रथम किस्त के रूप में 50 लाख की धनराशि विभाग को उपलब्ध करवा दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि चंबा हेलीपोर्ट का अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा जल्द यहां से हेली टैक्सी सेवाएं शुरू की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए के अंतर्गत चंबा शहर और मंदिर क्षेत्र को यातायात के दबाव से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय उच्च मार्ग को रावी नदी के किनारे से भरमौर की और स्थानांतरित करने को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
नीरज ने अपने संबोधन में नगर परिषद चंबा के तहत जारी विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख भी अपने संबोधन में किया।
उन्होंने इस दौरान अपनी विधायक निधि से नगर परिषद के सभी वार्डों के लिए 10-10 स्ट्रीट लाइटें संबंधित पार्षदों के माध्यम से वितरित कीं।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी तथा पार्षद तन्वी गोस्वामी ने भी अपने विचार रखे। वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, राखी कौशल ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष जिला परिषद लियाकत अली, उपाध्यक्ष नगर परिषद जितेंद्र सूर्या सहित नगर परिषद के विभिन्न वार्डों के पार्षद एवं स्थानीय गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।