चम्बा, 11 अगस्त-विधायक विधानसभा क्षेत्र चम्बा नीरज नैय्यर ने आज मैहला और सरोल में ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में बीपीएल लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में चरण-1 से 8 तक किए गए बीपीएल सर्वेक्षण के माध्यम से चिन्हित लाभार्थियों के साथ ये जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। मैहला में आयोजित कार्यक्रम में 18 ग्राम पंचायतों के लगभग 2500 चयनित बीपीएल लाभार्थी एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। वहीं सरोल में आयोजित कार्यक्रम में 20 ग्राम पंचायतों के लगभग 1200 चयनित बीपीएल लाभार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास तथा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है और इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के कल्याण और लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने लोगों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना सहित कृषि, बागवानी, पशुपालन एवं अन्य क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा गेहूं, मक्की, हल्दी तथा दूध सहित विभिन्न कृषि एवं पशुपालन उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रदान किया जा रहा है, जिससे किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृषि, बागवानी और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं आय के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। ऐसे में लोगों का इन क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रता के अनुसार उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
विधायक नीरज नैय्यर ने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उसे पंचायत स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा की जल्द ही एसडीएम चम्बा की अध्यक्षता में सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक का आयोजन किए जाएगा जिसमें उन्हें सभी विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार’ पहल के तहत आयोजित इन जनसंवाद कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है।
इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने लोगों को अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान की।
विधायक नीरज नैय्यर ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, अपनी समस्याएं एवं सुझाव खुलकर रखें और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने परिवारों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाएं।