एचपीएससी द्वारा पीजीटी कंप्यूटर साइंस परीक्षा में मात्र 2.29 प्रतिशत अभ्यर्थियों को पास किया जाना योग्य युवाओं के साथ भद्दा मजाक: चौधरी अभय सिंह चौटाला

हरियाणा के युवा सरकारी नौकरियों के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं लेकिन एचपीएससी उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है और उन्हें नालायक और नाकाबिल साबित करने पर तुली है

यह सब भाजपा की सोची समझी रणनीति के तहत हरियाणा के युवाओं की अनदेखी और सभी उच्च पदों पर बाहर के प्रदेशों से संघ से जुड़े लोगों का पूरे सिस्टम पर कब्जा करने के लिए किया जा रहा है

चंडीगढ़, 5 फरवरी। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि एचपीएससी ने नौकरियों के लिए चयन प्रक्रिया का मजाक बना कर रख दिया है। अभी तक एक भी भर्ती ऐसी नहीं है जो एचपीएससी द्वारा हरियाणा के योग्य युवाओं को नौकरी देने के मकसद से की गई हो। बेरोजगारी से त्रस्त हरियाणा में कई सालों के इंतजार के बाद पीजीटी कंप्यूटर साइंस भर्ती का रिजल्ट आया है। पीजीटी कंप्यूटर साइंस की परीक्षा में 1711 पदों के लिए 5100 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और मात्र 39 अभ्यर्थियों, जो कि 2.29 प्रतिशत बनता है, को ही पास किया गया। हरियाणा के युवा सरकारी नौकरियों के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं लेकिन एचपीएससी उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है और उन्हें नालायक और नाकाबिल साबित करने पर तुली है। हरियाणा के युवा बेहद बुद्धिमान है जो अपनी मेहनत से यूपीएससी जैसी बेहद कठिन परिक्षाओं को पास करके आईएएस, आईपीएस, जज और वैज्ञानिक बन रहे हैं। ऐसे में यह बात गले से नहीं उतरती कि पीजीटी कंप्यूटर साइंस जैसी एक सामान्य परीक्षा में पास हुए मात्र 2.29 प्रतिशत ही योग्य हैं। दूसरी ओर अभी तक जितनी भी भर्तियां की गई हैं उनमें से 90 प्रतिशत बाहर के प्रदेशों के लोगों को भर्ती किया गया है। यह सब भाजपा की सोची समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है ताकि हरियाणा के युवाओं को बेरोजगार रखा जा सके और सभी उच्च पदों पर बाहर के प्रदेशों से संघ से जुड़े लोगों का कब्जा किया जा सके और अपने मन मुताबिक पूरे सिस्टम पर कंट्रोल किया जा सके। बीजेपी सरकार तुरंत प्रभाव से एचपीएससी के चेयरमैन को बर्खास्त करे। इनेलो की सरकार आने पर हरियाणा के सभी योग्य युवाओं को बिना किसी भेदभाव के भर्ती किया जाएगा।