*पराशर घाटी के बम्बोला क्लस्टर में 13 हेक्टेयर में रोपित होंगे जापानी फल के 8500 पौधे*

*• पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने किया बागवानी विभाग के पोधरोपण कार्यक्रम का शुभारंभ*

*मंडी, 5 फरवरी।* द्रंग विधानसभा क्षेत्र के सदर विकास खंड की सम्पूर्ण पराशर घाटी में बागवानी विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश सब-ट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर इरिगेशन एंड वैल्यू एडिशन (एचपी शिवा) परियोजना के अंतर्गत जापानी फल (पर्सिमन) की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस परियोजना के तहत क्षेत्र में कुल 70 हेक्टेयर भूमि में 6 क्लस्टरों—बम्बोला, बाँधी, बागी, बाड़ा, सुरन तथा मण्डाह में लगभग 40 हजार जापानी फल के पौधे रोपित किए जा रहे हैं। इस परियोजना के माध्यम से इन 6 क्लस्टरों के लगभग 200 बागवान लाभान्वित होंगे। इसके साथ-साथ किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों से अवगत कराने के लिए प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।

आज ग्राम पंचायत सेगली के बम्बोला क्लस्टर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने 13 हेक्टेयर क्षेत्र में 8,500 जापानी फल के पौधों के रोपण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचपी शिवा परियोजना किसानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जापानी फल की खेती से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित तकनीकी सत्र में बागवानी विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. वी.पी. बैंस ने किसानों को जापानी फल की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह फल स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी है तथा बाजार में इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए भविष्य में यह बागवानों के लिए आय का एक सशक्त एवं टिकाऊ माध्यम बनेगा।

उप-निदेशक बागवानी डॉ. संजय गुप्ता ने एचपी शिवा परियोजना की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह योजना क्लस्टर आधारित खेती, आधुनिक सिंचाई सुविधाओं एवं मूल्य संवर्द्धन के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की अपार क्षमता रखती है। उन्होंने किसानों से परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बागवानी विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान तथा बड़ी संख्या में स्थानीय बागवान उपस्थित रहे। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर जापानी फल की खेती से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

==============================

पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में कक्षा नौवीं व ग्यारहवीं के लिए पार्श्व प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी को

मंडी 5 फरवरी। पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह जिला मंडी में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं में प्रवेश हेतु आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की पार्श्व प्रवेश परीक्षा-2026 (LEST-2026) 7 फरवरी (शनिवार) को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया आरम्भ हो चुकी है।

विद्यालय के प्राचार्य सुरेन्द्र देव शर्मा ने बताया कि अभिभावक अपने बच्चों के प्रवेश-पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in/nvs/en/Home1/ से डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा दिवस पर सभी विद्यार्थी अपने प्रवेश-पत्र तथा आधार कार्ड के साथ निर्धारित समय से पहले परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित हों।

उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध हैं तथा अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लें और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाना सुनिश्चित करें।

परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 9805319303, 9816999573 अथवा 01905-282046 पर किसी भी कार्य दिवस में प्रात: 9 बजे से सायं 4 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

===============================

सोलन-दिनांक 05.02.2026

सोलन ज़िला की पर्यटन इकाइयां व होम स्टे अपना पंजीकरण करवाना करें सुनिश्चित

हिमाचल प्रदेश होम स्टे नियम, 2025 के तहत सोलन ज़िला की सभी पर्यटन इकाइयों एवं होम स्टे इकाइयों को अधिसूचना के प्रकाशन के तीन माह के भीतर ज़िला पर्यटन विकास अधिकारी, पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग सोलन में पंजीकरण करना सुनिश्चित बनाना होगा। यह जानकारी ज़िला पर्यटन विकास अधिकारी सोलन पदमा छोडोन ने दी।
पदमा छोडोन ने कहा कि भारत सरकार की इनक्रेडिबल इंडिया बेड एंड ब्रेकफास्ट प्रतिष्ठान व इनक्रेडिबल इंडिया होमस्टे प्रतिष्ठान योजना या हिमाचल प्रदेश होम स्टे योजना, 2008 के तहत पूर्व में पंजीकृत व कार्यरत पर्यटन इकाइयां या होम स्टे को ई-सर्विसेज पोर्टल के माध्यम से निर्धारित प्राधिकारी के पास होम स्टे के पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी पर्यटन इकाइयां एवं होम स्टे इकाइयां https://homestay.hp.gov.in पोर्टल पर भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण की अंतिम तिथि तक निर्धारित प्राधिकारी पूर्व में पंजीकृत व कार्यरत पर्यटन इकाइयों या होम स्टे का निःशुल्क पंजीकरण करेगी।
ज़िला पर्यटन विकास अधिकारी सोलन ने पूर्व में पंजीकृत व नए स्थापित पर्यटन इकाइयों या होम स्टे को अपना पंजीकरण करवाने का आग्रह किया।

===================================

पात्र पेंशनर 15 फरवरी से पूर्व अपना ई-केवाईसी करवाना सुनिश्चित बनाएं - विवेक अरोडा

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार करने का निर्णय लिया गया था ताकि सभी पात्र पेंशनरों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुचारू रूप से उनके बैंक या डाकघर के बचत खातों में वितरित की जा सके। यह जानकारी ज़िला कल्याण अधिकारी सोलन विवेक अरोडा ने दी।
विवेक अरोडा ने कहा कि विभाग द्वारा सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन (ई-केवाईसी) ज़िला व तहसील कल्याण अधिकारियों माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जुलाई, 2025 में आरम्भ किया गया था।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत सभी लाभार्थियों का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2026 निर्धारित की गई थी। जिन पेंशन धारकों ने निर्धारित अवधि में अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, उनकी पेंशन विभाग द्वारा अस्थाई तौर पर रोक दी गई है।
विवेक अरोडा ने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से आग्रह किया कि जिन्होंने अपना ई-केवाईसी सत्यापन अभी तक नहीं करवाया है वह अपने नज़दीकी आगंनवाड़ी केन्द्र अथवा सम्बन्धित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर 15 फरवरी, 2026 से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना (ई-केवाईसी) सत्यापन करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि 15 फरवरी, 2026 के उपरांत पात्र लाभार्थी द्वारा अपनी ई-केवाईसी सत्यापित नहीं करने की स्थिति में लाभार्थी को अनुपलब्ध या अपात्र मानते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्थाई रूप से बंद कर दी जाएगी
ज़िला कल्याण अधिकारी ने कहा कि यदि किसी पेंशनभोगी का आधार कार्ड नहीं बना है या उसे अद्यतन करने की आवश्यकता है, तो वह आधार कार्ड अद्यतन करवाने के लिए संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है।
उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी सत्यापन, आवश्यक जानकारी एवं समस्या निवारण के लिए लाभार्थी अपने नज़दीकी ज़िला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक तथा सम्बन्धित आंगनवाडी कार्यकर्ता से सम्पर्क कर सकते हैं।

========================================

देहरा में मुख्य चौक से पोस्ट ऑफिस चौक तक का मार्ग नो-पार्किंग जोन घोषित

धर्मशाला, 05 फरवरी: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए देहरा में मुख्य चौक से पोस्ट आॅफिस चौक तक के मार्ग को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है। उपायुक्त ने बताया कि देहरा में एसडीएम कार्यालय परिसर, सिविल अस्पताल के पास तथा शहीद भुवनेश डोगरा स्टेडियम के मंच के पीछे पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं पहले ही बनाई जा चुकी हैं और चालू कर दी गई है। ये सुविधाएं मौजूदा पार्किंग मांग को समायोजित करने के लिए पर्याप्त हैं।

============================================

रेहन-भटोली वाया चमराल मार्ग यातायात के लिए 4 मार्च तक बंद

धर्मशाला, 05 फरवरी: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए अधिसूचना जारी की है कि रेहन उपमंडल के अन्तर्गत रेहन से भटोली वाया चमराल सड़क के मरम्मत कार्य के चलते 04 मार्च 2026 तक हर प्रकार के यातायात के लिए अस्थाई रूप से बंद रहेगा। इस दौरान गाड़ियों की आवाजाही के लिए रेहन वाया मिंटा से भटोली रोड और एमटीएन रोड से लरहून खास रोड उपयोग किया जा सकता है।
=======================================

सिक्यूरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के 150 पद के साक्षात्कार 9 से 13 फरवरी तक

धर्मशाला, 5फरवरी: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि सिस इंडियालिमिटेड हमीरपुर द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड एवं सुपरवाइजर के पुरूषों के 150 पद के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जा रहेहैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता दसवी तथा इसके ऊपर रखी गई है, आयु 19 से 40 वर्ष तक रखी गई है। आवेदक को कम्पनी द्वारा रूपए 18 से 23 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी साक्षात्कार के समय अपनेसाथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, रिहायशी प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपनाबायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 09 फरवरी को उप रोज़गारकार्यालय कांगड़ा में, 10 फरवरी को उप रोज़गार कार्यालय धर्मशाला में, 11 फरवरी कोक्षेत्रीय रोज़गार कार्यालय नगरोटा बगवां में, 12 फरवरी को उप रोज़गार कार्यालय इन्दौरामें, 13 फरवरी 2026 को उप रोज़गार कार्यालय, देहरा मेें प्रातः 11 बजे पहुंचकर कम्पनीके समक्ष साक्षात्कार में उपस्थित हो सकते हैं। विभागीय साईट पर साक्षात्कार काब्योरा अपलोड कर दिया गया है। आवेदक साक्षात्कार में भाग लेने से पहले https://eemis.hp.nic.inhttps://eemis.hp.nic.in पर अपनी ई-मेल आईडी या मोबाइल नम्बर से आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद ही साक्षात्कार में भाग लिया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल 83518-90071 पर संपर्क कर सकते हैं।
=================================
नवोदय की 9वीं और 11वीं कक्षा की प्रवेश परीक्षा 7 फरवरी को
धर्मशाला, 5 फरवरी: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने लेस्ट-2026 के माध्यम से जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 9वीं तथा 11वीं में प्रवेश हेतु आवेदन किया है, उनके प्रवेश पत्र नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। लेटरल एंट्री चयन परीक्षा 7 फरवरी 2026 को आयोजित की जा रही है। कक्षा 9वीं हेतु परीक्षा पीएम श्री स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, पपरोला, राजकीय उत्कर्ष वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पपरोला तथा कक्षा 11वीं हेतु परीक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पपरोला में आयोजित होनी है।

==========================================

मंदल फीडर के तहत 6 फरवरी को बिजली बंद
धर्मशाला 05 फरवरी: विद्युत उपमंडल धर्मशाला नम्बर-2 के सहायक अभियन्ता रमेश धीमान ने बताया है कि विद्युत लाईनों के सामान्य रखरखाव के चलते 11 केवी मंदल फीडर के क्षेत्रों पासू, अप्पर ढ़गवार, अपर मनेड तथा साथ लगते क्षेत्रों में 6 फरवरी को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे या कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होने साधारण जनता से सहयोग की अपील भी की है।