श्रमिकों के कल्याण के लिए इंटक के सुझावों पर उठाएंगे त्वरित कदम: नरदेव सिंह कंवर

हमीरपुर 16 जून। हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने सोमवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश पदाधिकारियों और इसी संगठन से संबद्ध हिमाचल भवन निर्माण एवं मनरेगा मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में व्यापक विचार-विमर्श किया।
इस दौरान अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त किए। नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं और बोर्ड इस दिशा में तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड की योजनाओं को आम श्रमिकों तक पहंुचाने में इंटक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बहुत ही सराहनीय योगदान दे रहे हैं। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि ये पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आम श्रमिकों की समस्याओं से परिचित होते हैं और इनसे प्राप्त फीडबैक और सुझावों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया जाएगा तथा इन्हें लागू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश इंटक के कार्यकारी अध्यक्ष जगतार सिंह बैंस, उपाध्यक्ष संजय सैणी और डीएस सहगल, महासचिव रूप सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पदाधिकारी प्रेम लाल भाटिया, रमेश कुमार, कर्म चंद जस्सल, शिखा कुमारी और अन्य पदाधिकारियों ने भवन निर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष को एक मांगपत्र भी सौंपा।
इस मांगपत्र में हिमाचल भवन निर्माण एवं मनरेगा मजदूर यूनियन को कामगारों के सेवा प्रमाण पत्र को सत्यापित करने की शक्तियां प्रदान करने, बोर्ड में इंटक के प्रतिनिधि को सदस्य मनोनीत करने, यूनियन और श्रम कल्याण बोर्ड के अधिकारियों की नियमित रूप से बैठक आयोजित करने, श्रमिकों के क्लेम के मामलों के निपटारे के लिए समय सीमा निर्धारित करने और श्रमिकों से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।
नरदेव सिंह कंवर ने इंटक के सभी पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि उनकी ओर से उठाई गई सभी मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा और इनके संबंध में त्वरित कदम उठाए जाएंगे।

===================================

नरदेव सिंह कंवर ने पैरामोटर पायलट राहुल गढ़वाल को सम्मानित किया

हमीरपुर 16 जून। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने आज यहां बोर्ड के मुख्यालय में हिमाचल प्रदेश के पहले लाईसेंस प्राप्त पैरामोटर पायलट राहुल गढ़वाल को विशेष रूप से सम्मानित किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राहुल ने हिमाचल का पहला पैरामोटर पायलट लाईसेंस प्राप्त करके इतिहास बना दिया है। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अभी तक परंपरागत तरीके से पहाड़ों से मैदान की ओर पैराग्लाइडिंग की जा रही है। लेकिन, राहुल गढ़वाल ने इससे अलग मैदान से उड़कर अपनी अलग पहचान बनाई है।
राहुल इटली की फ्लाईंग मशीन द्वारा ग्लाइडर के माध्यम से मैदान से ही फ्लाईंग करने में दक्ष हो चुके हैं और युवाओं के आकर्षण और प्रेरणा का स्त्रोत बने हैं। नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि हिमाचल के युवाओं ने पैराग्लाइडिंग में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है अब पैराग्लाइडिंग के साथ ही पैरामोटरिंग में भी हिमाचल के युवा विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब होंगे।
नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने का जो सपना देखा है वो पूरा होने जा रहा है। जिला कांगड़ा जल्दी ही पर्यटकों के लिए एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित होगा।
इस अवसर पर नादौन ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, नादौन ब्लॉक पंचायत समिति के सदस्य चौधरी धर्मपाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।