चण्डीगढ़, 11.05.25- : परशुराम भवन, सैक्टर 37 में श्री ब्राह्मण सभा, चण्डीगढ़, श्री देवालय पूजक परिषद, चण्डीगढ़ और सोनाक्षी महामंडलेश्वर किन्नर अखाड़ा चंडीगढ़ के सामूहिक प्रयास और सहयोग से माता बग्लामुखी महायज्ञ देश की रक्षा के लिए षोडशोपचार पूजन यज्ञ एक धार्मिक अनुष्ठान किया जिसमें पाद्य, अर्घ्य, आमचन, स्नान, वस्त्र, उपवस्त्र, आभूषण, गंध, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, ताम्बूल, स्तवन पाठ, तर्पण और नमस्कार शामिल हैं। इस अनुष्ठान का उद्देश्य देश की रक्षा के लिए प्रार्थना और देवताओं से देश के कल्याण की कामना की गईं।
श्री ब्राह्मण सभा चंडीगढ़ के प्रधान यशपाल तिवारी ने बताया कि देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं पर तत्परता से डटे सैनिकों में शक्ति, शौर्य, पराक्रम तथा मनोबल संवर्धन हेतु यज्ञ भगवान को भावना सहित आहुतियाँ समर्पित की गयीं।
किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर सोनाक्षी महाराज जी ने अपने प्रभावशाली संबोधन द्वारा उपस्थित याजकों को बताया कि महायज्ञों में संकल्पित उद्देश्य से जो भावपूर्ण सामूहिक आहुतियां अर्पित की जाती हैं, उनका परिणाम सदैव श्रेष्ठ और सफलतम होता है। निश्चय रूप से इस महायज्ञ के माध्यम से हमारे सैनिकों का मनोबल, उत्साह और शौर्य बढ़ेगा और देश विजय प्राप्त करेगा।
श्री देवालय पूजक परिषद के अध्यक्ष पंडित डॉक्टर लाल बहादुर दुबे ने कहा कि किसी भी विशेष कार्य को सफलता पूर्वक पूर्ण करने के लिए पुरातन काल से यज्ञों का सहारा लिया जाता रहा है। महायज्ञ में अन्य संस्थाओं के अतिरिक्त युवा और महिलाओं सहित अनेक परिजनों ने भाग लिया।इस अवसर पर पंडित ओमप्रकाश शास्त्री पंडित सुभाष शास्त्री, पंडित देवी प्रसाद पन्यूली सहित श्री देवालय पूजक परिषद के सभी पुजारी सदस्य उपस्थित रह कर वेद मन्त्रों के साथ बगलामुखी की षोडशोपचार पूजन किया पश्चात वेद मंत्रों के साथ यज्ञ को संपन्न करवाया तत्पश्चात महा आरती एवं प्रसाद का वितरण किया गया।