हमें और पूरे देश के लोगों को भारतीय सेनाओं पर गर्व है: रामपाल माजरा

बीबीएमबी के चेयरमैन को बंधक बना कर पंजाब सरकार ने कानून की अवहेलना की है

भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालातों के चलते इनेलो पार्टी के सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को आगे स्थिति बहाल होने तक स्थगित कर दिया है

चंडीगढ़, 9 मई। इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण माहौल और बॉर्डर पर युद्ध जैसे हालात पर कहा कि हमारे देश की सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर के द्वारा अपने अद्भुत शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए बेहद सटीकता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की है और पाकिस्तान को ऐसा जवाब दिया है कि वो इसे सदा याद रखेगा। इससे पहले की लड़ाइयों में भी हमारी सेनाओं ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देकर विजय प्राप्त की थी। भारतीय सेना ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि भारतीय सेनाएं हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। हमें और पूरे देश के लोगों को भारतीय सेनाओं पर गर्व है। इनेलो पार्टी ऐसे मौके पर भारत सरकार के निर्णयों के साथ है।
माजरा ने कहा कि पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब को भाखड़ा के पानी का हरियाणा का हिस्सा देने के लिए पानी को तुरंत छोडऩे के आदेश दिए हैं। हरियाणा के हिस्से का भाखड़ा का पानी छोड़े जाने के पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले को लागू करवाने गए बीबीएमबी के चेयरमैन को पंजाब सरकार के मंत्री द्वारा बंधक बनाने की इनेलो पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है। पंजाब के मंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
उन्होंने सूचना देते हुए कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालातों के चलते हमने पार्टी के सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को आगे स्थिति बहाल होने तक स्थगित कर दिया है। आगे जैसे ही हालात सामान्य होंगे तो इनेलो पार्टी दोबारा से हरियाणा के लोगों के हकों के लिए लड़ाई लडऩी जारी रखेगी।