चण्डीगढ़, 17.10.26- : सामाजिक सरोकारों और मानवता की भावना को आगे बढ़ाते हुए चण्डीगढ़ सीनियर सिटिजंस एसोसिएशन (सीएससीए) की उपाध्यक्ष श्रीमती लवलीन कौर ने सीएससीए के अध्यक्ष एससी अग्रवाल के नेतृत्व में एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग की सराहनीय पहल की।
इस पहल के अंतर्गत एक राज्य की रहने वाली युवती, जिसका विवाह उत्तर प्रदेश के निवासी रवि के साथ तय हुआ है, के गरीब माता-पिता को विवाह की तैयारियों में सहायता प्रदान की गई। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सीएससीए के सदस्यों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार नकद राशि तथा विवाह में उपयोगी अन्य आवश्यक वस्तुएँ भेंट कर परिवार की सहायता की। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने मिलकर यह संदेश दिया कि समाज के जरूरतमंद परिवारों की खुशियों में सहभागी बनना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
इस पुनीत कार्य में ओम कटारिया, बी. के. गर्ग, बी. के. जुनेजा, श्रीमती लिली सूद, सुनीता महाजन, राजेश महाजन, कमलेश अरोड़ा, रेखा छाबड़ा, किरण कपूर, रेखा, परमजीत कौर ग्रेवाल तथा सपना चहल ने अपना सहयोग एवं योगदान दिया।
सीएससीए के अध्यक्ष एससी अग्रवाल ने इस सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए सामाजिक एकजुटता और जरूरतमंदों की सहायता के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सीएससीए ने पहली बार इस प्रकार का प्रयास किया है। सीएससीए की उपाध्यक्ष लवलीन कौर ने कहा कि इस पहल से यह संदेश मिलता है कि जब समाज के लोग मिलकर किसी जरूरतमंद परिवार का हाथ थामते हैं, तो उनकी खुशियाँ और भी बढ़ जाती हैं।
सीएससीए का यह प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।