हमीरपुर, 17.10.26- वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के देशव्यापी आंदोलन के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हमीरपुर ने भी शनिवार को यहां गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने भी विशेष रूप से भाग लेकर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को लामबंद किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मत और उसके मताधिकार का सम्मान है। भारत का लोकतंत्र संविधान की भावना, जनता की भागीदारी और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया पर आधारित है। प्रत्येक मतदाता को यह विश्वास होना चाहिए कि उसका वोट सुरक्षित है और उसकी लोकतांत्रिक आवाज का पूरा सम्मान किया जा रहा है। सुनील कुमार ने कहा कि वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली के कारण देश के मतदाताओं के अधिकारों का हनन हो रहा है, जिससे हमारी पूरी लोकतांत्रिक व्यवस्था खतरे में पड़ गई है। केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त की तानाशाही और वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी ने जो आंदोलन शुरू किया है, उसे देश भर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ही भारत को आजादी दिलाई थी और आजादी हासिल करने के बाद देश में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी ने जो योगदान दिया है, वह इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि केंद्र के हुक्मरान अब देश को इमरजेंसी की ओर ले जा रहे हैं। इन हुक्मरानों के कारनामों से स्पष्ट हो रहा है कि इस समय देश में अघोषित आपातकाल चल रहा है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त की तानाशाही के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बहुत बड़ा जन आंदोलन चल पड़ा है। लोकतंत्र की रक्षा के लिए चलाए गए इस आंदोलन को मिल रहे अपार जनसमर्थन को देखकर केंद्र के हुक्मरान बौखला गए हैं। आंदोलनरत छात्रों को मारा-पीटा जा रहा है। उन्हें जेलोें में डाला जा रहा है। इस दमन के बावजूद राहुल गांधी की अगुवाई में चलाया जा रहा आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इन दमनकारी हुक्मरानों को सत्ता से हटाने का वक्त आ गया है।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा, राजेश आनंद, शहंशाह, मनोज शर्मा, चंदन राणा, अखिलेश चौधरी, अनिरुद्ध ठाकुर विश्व शर्मा, अनिल श्याम, रत्तन डोगरा, अनिल चौधरी, ब्लॉक सोशल मीडिया प्रभारी रजत राणा, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर, कांग्रेस और इसके सभी फ्रंटल संगठनों के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।