हिसार, 17.10.26-- श्री प्रयाग गिरि शिवालय मंदिर ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग ने सातवें नवरात्रे के पावन अवसर पर मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा माता रानी को पुष्प अर्पित कर माला पहनाई। इस अवसर पर उन्होंने मां भगवती से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।बजरंग गर्ग ने कहा कि नवरात्रे भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक हैं। मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा करने से भक्तों को भय, नकारात्मकता और कठिनाइयों से लड़ने की शक्ति मिलती है। मां कालरात्रि अपने भक्तों की रक्षा करती हैं और उन्हें साहस, शक्ति तथा आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।उन्होंने कहा कि नवरात्रे हमें बुराई पर अच्छाई की जीत, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, भाईचारे व सद्भावना बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। बजरंग गर्ग ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नवरात्रों के दौरान मां भगवती की आराधना के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करें और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि सच्ची भक्ति वही है, जिसमें मानव सेवा, परोपकार और दूसरों के प्रति सद्भावना की भावना समाहित हो।
श्री गर्ग ने कहा कि 19 अक्टूबर को माँ दुर्गा जी का विशाल भजन समारोह होगा।इस अवसर पर सुरेंद्र सिंगला, ओमप्रकाश असीजा, जगत नारायण, गोपाल बंसल, सत्येंद्र गोयल, गंगा प्रसाद मौर्य, डॉ सुनील शर्मा, दीपक कुमार, गोपाल गेरा,अंगूरी देवी, अनीता गर्ग, सुनीता पूनिया, रेनू पहूजा, नीतू गर्ग, सुषमा शर्मा, वंदना मौर्य आदि भक्तजन भारी संख्या में मौजूद रहे।