शाहपुर, 9 अक्तूबर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए वीरवार को शाहपुर स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान केवल सिंह पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 78 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें भवन निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) तथा नाबार्ड के तहत संचालित विकास परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न भवनों के निर्माण कार्यों पर लगभग 22 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन कार्यों को शीघ्र पूरा कर जनता को समर्पित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को इन सुविधाओं का दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत क्षेत्र में लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों के निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों में तेजी लाई जाए और इन्हें निर्धारित समयावधि में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, संपर्क और विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि आमजन को आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धारकंडी क्षेत्र की चार सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इन सड़कों से संबंधित आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने पर भी जोर दिया गया।
नाबार्ड के तहत संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए केवल सिंह पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें से कुछ परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना विभागीय अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए और संबंधित अधिकारी समय-समय पर कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करें, ताकि आम जनता और पात्र लाभार्थियों को इन परियोजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
सड़कों से संबंधित वन स्वीकृतियों के मामलों पर चर्चा करते हुए उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) एवं वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) से जुड़े मामलों में आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर उनका निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी से विकास कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज जसवाल, सहायक अभियंता विपुल पुंज, नीरज गर्ग, बलवीत दियोलिया, अनुराग तथा रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा उपस्थित रहे।