उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने टीबी मुक्त भारत के तहत जिला स्तरीय जोश अभियान का किया शुभारंभ
क्षय रोग मुक्त 19 पंचायत के प्रधानों को किया सम्मानित
चंबा, 8 अक्तूबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ‘जोश अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षय रोग मुक्त घोषित 19 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया तथा टीबी उन्मूलन के लिए पंचायत स्तर पर जनभागीदारी को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि टीबी मुक्त भारत, हिमाचल और चंबा के लक्ष्य को प्राप्त करने में ग्राम पंचायतों तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने टीबी मुक्त घोषित पंचायतों को बधाई देते हुए कहा कि इन पंचायतों द्वारा किए गए प्रयास अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से इन प्रयासों को निरंतर जारी रखते हुए आगामी चरणों में और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है। इसका निःशुल्क उपचार उपलब्ध है तथा निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से उपचार लेने से रोगी पूर्णतः स्वस्थ हो सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सबसे महत्वपूर्ण है कि रोग की समय पर पहचान हो और व्यक्ति बिना किसी झिझक के अपनी जांच करवाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी के संभावित मामलों की पहचान कर लोगों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि समय पर जांच एवं उपचार के माध्यम से टीबी से होने वाली गंभीर स्थिति तथा मृत्यु को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी रोज को लेकर समाज में व्याप्त किसी भी प्रकार के कलंक और भ्रांतियां को दूर करना आवश्यक है, ताकि रोगी बिना भय के जांच एवं उपचार के लिए आगे आ सकें।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग और समुदाय के सामूहिक प्रयासों से चंबा को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकता है। उपायुक्त ने इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम सिंह भारद्वाज और जिला क्षय रोग डॉ हरित पूरी को टीवी उन्मूलन पर बेहतरीन कार्य के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने ‘जोश अभियान’ के उद्देश्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से टीबी की शीघ्र पहचान, समय पर जांच एवं उपचार, उपचार की पूर्णता तथा रोगियों को पोषण एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध करवाना है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला परिषद रेखा देवी, अध्यक्ष नगर परिषद भुवनेश्वरी गुलाटी, उपाध्यक्ष जिला परिषद लियाकत अली खान, अध्यक्ष पंचायत समिति काजल कुमारी , जिला परिषद सदस्य राज सिंह ठाकुर एवं अंजू कुमारी, प्राचार्य पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. पंकज गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, एनसीसी केडिट, मेरा युवा भारत के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।