चण्डीगढ़, 08.10.26- : नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने के उद्देश्य से गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-23 ए के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्त संकल्प यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हिमाचल महासभा, चंडीगढ़ की ओर से अध्यक्ष पृथी सिंह प्रजापति भी यात्रा में शामिल हुए और नशामुक्त समाज के संकल्प में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

स्कूल शिक्षक दिनेश जांगड़ा के साथ विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान में सहभागिता की। इस दौरान पृथी सिंह प्रजापति भी स्कूल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ खड़े होकर नशे के खिलाफ जागरूकता के इस अभियान का हिस्सा बने।

इस अवसर पर पृथी सिंह प्रजापति ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। बच्चों और युवाओं को शिक्षा, खेल, संस्कार एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

नशा मुक्त संकल्प यात्रा’ के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।