घुमारवीं (बिलासपुर), 03 अक्तूबर: सीर उत्सव के अंतर्गत शनिवार को सिविल अस्पताल घुमारवीं में शंकर सेवा एवं लंगर समिति भराड़ी के सौजन्य से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 40 यूनिट रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर में नगर व ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी स्वयं रक्तदान किया तथा उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने में सहायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं और समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से जरूरत के समय अस्पतालों में मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है तथा दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में रक्त की आवश्यकता पूरी की जा सकती है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में किसी भी प्रकार की भ्रांति नहीं होनी चाहिए। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया रक्तदान सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है।
उन्होंने सीर उत्सव के दौरान इस सामाजिक सरोकार से जुड़े आयोजन के लिए शंकर सेवा एवं लंगर समिति भराड़ी का आभार व्यक्त किया तथा रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत रक्त एकत्रित किया गया।
शिविर में स्थानीय लोगों एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।