उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने किया जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ

चंबा, 3 अक्तूबर-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि भाग लिया।

उन्होंने इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया ।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में चंबा जिला के 93 विद्यालयों के 900 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, शतरंज, वेटलिफ्टिंग, जूडो, कराटे सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
मुकेश रेपसवाल ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल गतिविधियां केवल पदक हासिल करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, परिश्रम, एकाग्रता और टीम भावना जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित करते हैं। ये गुण उन्हें भावी जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने में सक्षम बनाते हैं।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से अपनी परिस्थितियों को सफलता के मार्ग में बाधा न बनने देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों से निकलकर भी अनेक खिलाड़ियों ने आज राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यह साबित करता है कि प्रतिभा, मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया।
मुकेश रेपसवाल ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे विद्यार्थियों में से अनेक प्रतिभाएं भविष्य में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उपायुक्त को इस दौरान आयोजन समिति की ओर से सम्मानित भी किया गया।
उप निदेशक स्कूल शिक्षा विकास महाजन ने इससे पहले स्वागत संबोधन रखते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।
इस अवसर पर उपनिदेशक स्कूल शिक्षा गुणवत्ता उपमा शर्मा, सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा, शिक्षा विभाग के अधिकारी,विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य,शिक्षक-प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
===========================================
निपटाए गए राजस्व मामलों को राजस्व प्रबंधन प्रणाली पोर्टल पर अद्यतन करना सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
लंबित राजस्व मामलों का अक्तूबर माह के अंत तक समाधान करने के दिए निर्देश
वर्ष 2026 में अब तक 2283 लंबित राजस्व मामलों का किया गया समाधान
चंबा, 03 अक्तूबर-उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने जिला के सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने तथा निपटाए गए मामलों को से राजस्व प्रबंधन प्रणाली (आरएमएस) पोर्टल पर अद्यतन(अपडेट) करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज लंबित राजस्व मामलों के निपटारे को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों से संबंधित सभी कार्यवाहियों को ऑनलाइन दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मामलों की प्रभावी निगरानी के साथ-साथ उनके समयबद्ध निस्तारण को भी सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक जिला में कुल 2283 लंबित राजस्व मामलों का समाधान किया जा चुका है। इनमें तकसीम के 670 निशानदेही के 898 तथा राजस्व अभिलेखों से संबंधित 715 मामले शामिल हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि छह माह से एक वर्ष तक लंबित तकसीम एवं सीमांकन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए अक्तूबर माह के अंत तक आवश्यक कार्रवाई पूर्ण की जाए।
उपायुक्त ने सभी जमाबंदियों को अक्तूबर माह के अंत तक अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने राजस्व दस्तावेजों की स्कैनिंग एवं डिजिटलीकरण का कार्य भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा ताकि राजस्व रिकॉर्ड को व्यवस्थित एवं आसानी से उपलब्ध बनाया जा सके।
बैठक में अतिक्रमण के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों का नियमानुसार शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निस्तारण में पारदर्शिता, समयबद्धता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।
इस दौरान लेखा परीक्षा टिप्पणियों, ई-डिस्ट्रिक्ट से संबंधित लंबित मामलों, लंबित राहत मामलों सहित राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।