चण्डीगढ़, 11.09.26- : नशे की बढ़ती समस्या से निपटने और नशे की गिरफ्त में आए लोगों तथा उनके परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में स. सतिंदर सिंह, शशि शंकर तिवारी और रविंदर रावत शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को एक मांगपत्र सौंपते हुए नशा पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए विशेष नीति तैयार करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नशे की समस्या केवल इससे प्रभावित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका गंभीर प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है। ऐसे परिवारों को उपचार, पुनर्वास, मानसिक एवं सामाजिक सहयोग सहित विभिन्न स्तरों पर सहायता की आवश्यकता होती है।
उन्होंने मांग की कि नशा पीड़ितों के पुनर्वास के साथ-साथ उनके परिवारों की सहायता के लिए भी स्पष्ट एवं प्रभावी नीति तैयार की जाए। इसके माध्यम से नशे की रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए एक समग्र व्यवस्था विकसित की जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासक गुलाब चंद कटारिया इस गंभीर सामाजिक समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे और नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल को इस तरफ ध्यान देने का आश्वासन दिया।