अंडर-14 जोनल टूर्नामेंट (बॉयज) संपन्न, उपमुख्यमंत्री ने विजेता टीमों को किया पुरस्कृत

अगले वर्ष से कांगड़ स्कूल में शुरू होंगी संगीत शिक्षा की कक्षाएं, चार कमरों के अतिरिक्त भवन सहित सोलर पावर प्लांट व ड्रेनेज सिस्टम की घोषणा


ऊना, 5 सितंबर. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगड़ में आयोजित तीन दिवसीय 41वीं अंडर-14 लड़कों की जोन हरोली खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की।
3 से 5 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 35 स्कूलों के 346 खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, शतरंज, कुश्ती और बैडमिंटन सहित छह खेलों में भाग लिया।
उपमुख्यमंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा विद्यार्थियों को खेलों के साथ-साथ शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हरोली को शिक्षा और खेलों का हब बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा
है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कांगड़ स्कूल में अगले वर्ष से संगीत शिक्षा की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल में चार कमरों वाले अतिरिक्त भवन के निर्माण, सोलर पावर प्लांट लगाने तथा पानी की निकासी के लिए बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने संबंधित विभाग के एक्सईएन को ड्रेनेज व्यवस्था के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांगड़ के वार्ड नंबर-2 और वार्ड नंबर-5 की गलियों के सुधार एवं निर्माण के लिए पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
इससे पहले उन्होंने स्कूल में 13.75 लाख से निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) से स्कूल को आगे बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली का दूसरा भवन अगले वर्ष तक तैयार हो जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को अतिरिक्त एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि अगले सत्र से महाविद्यालय में एमएससी, लॉ और संगीत की कक्षाएं शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खेल शिक्षकों, डीपीई और पीईटी से अपना विजन साझा करने का आह्वान किया, ताकि हरोली को खेलों का हब बनाने की दिशा में आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा सकें।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ मैदान में होली के उपलक्ष्य में मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रधान को मेले के आयोजन की रूपरेखा तैयार करने को कहा, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।

मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में केंद्र सरकार की मदद से बन रहे विभिन्न पुलों को लेकर कहा कि विकास कार्यों के लिए केंद्र से धनराशि उपलब्ध करवाना भी एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से धनराशि लाने के लिए लगातार प्रयास करने की आवश्यकता होती है। प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर केंद्र से धनराशि प्राप्त कर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में दो और पुलों के निर्माण के लिए सहमति प्रदान की है।

उपमुख्यमंत्री ने नवाजे विजेता
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विजेता, उपविजेता आतीमों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
वॉलीबॉल में राजकीय उच्च विद्यालय गुरपलाह की टीम विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरोली की टीम उपविजेता रही। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (जीएसएसएस) दुलैहड़ की टीम विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीटन की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरोली की टीम विजेता तथा एएनएम टाहलीवाल की टीम उपविजेता रही।

खो-खो में राजकीय माध्यमिक विद्यालय लोअर ललड़ी की टीम विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ललड़ी की टीम उपविजेता रही। शतरंज में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बट्ट कलां की टीम विजेता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पालकवाह की टीम उपविजेता रही।

कुश्ती के 35 किलोग्राम भार वर्ग में जीएचएस गुरपलाह के मिथुन कुमार ने स्वर्ण, जीएचएस पालकवाह के भारत ने रजत तथा जीएचएस गुरपलाह के अमित कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। 38 किलोग्राम भार वर्ग में जीएचएस गुरपलाह के नमन सिंह ने स्वर्ण, इसी स्कूल के सचिन कुमार ने रजत तथा जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के राघव ने कांस्य पदक जीता।

41 किलोग्राम भार वर्ग में जीएचएस गुरपलाह के साहिल कुमार ने स्वर्ण, जीएसएसएस बीटन के नीरज ने रजत तथा जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के तरनजीत ने कांस्य पदक हासिल किया। 44 किलोग्राम भार वर्ग में जीएसएसएस बीटन के नीरज ने स्वर्ण, जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के ईशान ने रजत तथा जीएसएसएस बीटन के दिव्यांश ने कांस्य पदक जीता।

52 किलोग्राम भार वर्ग में जीएसएसएस बीटन के सत्यम ने स्वर्ण, इसी स्कूल के सतबीर ने रजत तथा जीएसएसएस गोंदपुर जयचंद के दिलप्रीत ने कांस्य पदक हासिल किया। 57 किलोग्राम भार वर्ग में जीएचएस गुरपलाह के अभिषेक तथा 75 किलोग्राम भार वर्ग में जीएसएसएस बीटन के राम ने स्वर्ण पदक जीता।
कुश्ती में जीएचएस गुरपलाह ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि जीएसएसएस बीटन उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में मार्च पास्ट की ट्रॉफी पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगड़ ने जीती।

कार्यक्रम में कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू ने कांगड़ क्षेत्र में अतुलनीय विकास के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देश राज गौतम, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, कांगड़ स्कूल के प्रधानाचार्य कमलजीत, एसएमसी अध्यक्ष पूनम, उपाध्यक्ष वंदना, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

=====================================

ठाकुर द्वारा मंदिर भदसाली अप्पर में श्रीमद्भागवत कथा एवं संत सम्मेलन में शामिल हुए मुकेश अग्निहोत्री

ठाकुर द्वारा मंदिर के विकास को 25 लाख, सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख और सड़क निर्माण को 15 लाख रुपये की घोषणा


ऊना, 5 सितंबर. उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ठाकुर द्वारा मंदिर भदसाली अप्पर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा एवं विशाल संत सम्मेलन में भाग लिया। यह धार्मिक आयोजन 29 अगस्त से 5 सितंबर तक आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने ठाकुर द्वारा मंदिर भदसाली अप्पर के विकास के लिए प्रथम चरण में 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर कुल 40 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त भदसाली अप्पर में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा पंचायत में सड़क निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने गूगा जाहर पीर मंदिर भदसाली अप्पर और तपस्थान संत देविआ सिख गुरुद्वारा के लिए भी 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री ने गूगा नवमी के अवसर पर गूगा जाहर पीर मंदिर में माथा टेका तथा तपस्थान संत देविआ सिख गुरुद्वारा में भी शीश नवाकर आशीर्वाद लिया।


उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा मिलता है। प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।


ठाकुर द्वारा मंदिर भदसाली पहुंचने पर मंदिर कमेटी के प्रधान मोहन सिंह जसवाल ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया।


इस अवसर पर ग्राम पंचायत भदसाली अप्पर प्रधान अश्वनी जसवाल, लोअर भदसाली के प्रधान सूरम सिंह, प्रधान गुरुद्वारा सिंह सभा भदसाली यशपाल सिंह साका के अलावा जसपाल जस्सा, मंजीत कौर साका, जोगिंदर सिंह पाठी, सुरजीत सिंह, गुरदीप सिंह और दर्शन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

==========================================

विवेक शर्मा ने अपर बसाल में 8 पंचायतों के लिए आयोजित हुए जन संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता की, संबंधित पंचायतों के लोगों से किया सीधा संवाद

*बोले…ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार और प्रसाशन की प्राथमिकता *

ऊना, 5 सितंबर। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार तक पहुंचकर प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कर रही है। इसी उद्देश्य से सरकार और प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आम जनता अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रख सके। यह बात कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने अपर बसाल में आठ पंचायतों (अपर बसाल, लोअर बसाल, ठाकुरद्वारा, तियुड़ी, पनोह, बडूही, बदोली और बड़साला) के लिए आयोजित हुए जन संवाद कार्यक्रम में कही।

उन्होंने कहा कि जन संवाद का मुख्य मकसद अति निर्धन(बीपीएल) परिवारों तक सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाना और उनकी वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर विकास की योजनाएँ तैयार करना है।

विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का सीधा लाभ प्रदेशवासियों, विशेषकर किसानों और पशुपालकों को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने प्राकृतिक विधि से उगाई गई गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80 रुपये, मक्की का 50 रुपये तथा कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। इससे प्रदेश के अनेक किसानों को आर्थिक रूप से लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य 71 रुपये और गाय के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। इससे पशुपालकों की आर्थिकी सुदृढ़ हुई है। वर्तमान में युवा पशुपालन व्यवसाय से जुड़कर सम्मानजनक एवं बेहतर जीवनयापन कर रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने अपर बसाल में खेल मैदान के निर्माण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और बौद्धिक विकास भी होता है।

बीडीओ रमनवीर ने कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने बताया कि बीपीएल श्रेणी में शामिल करने के लिए सरकार द्वारा मानदंड निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बीपीएल में शामिल होने की अंतिम तिथि अब 20 सितंबर तक बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 9वें और अंतिम चरण के लिए निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र परिवारों को बीपीएल श्रेणी में शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम में एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, बीडीओ रमनवीर चौहान, प्रधान अमरीक सिंह, उपप्रधान रेशम सिंह, जिला परिषद सदस्य सुमित, बीडीसी सदस्य महेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।