हिसार, 05.09.26-- अग्रोहा धाम एवं पीजीएसडी शिक्षण संस्थान में भगवान श्री कृष्ण जी का जन्मोत्सव बड़ी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ रात्रि 12:00 बजे मनाया गया। कार्यक्रम संस्था के प्रधान बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में धर्मप्रेमियों ने भाग लिया और भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव की ढोल-नगाडों के साथ खुशियां से मनाया गया।कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों एवं धार्मिक सजावट से सजाया गया था। भगवान श्री कृष्ण की सुंदर झांकियां एवं मनमोहक धार्मिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। जैसे ही रात के 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्म हुआ, पूरा परिसर नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर संस्था के प्रधान बजरंग गर्ग ने उपस्थित धर्मप्रेमियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने हमें सत्य, धर्म, कर्म और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया है। श्री कृष्ण जी का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का साथ देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गीता के माध्यम से पूरे विश्व को कर्म का महत्व समझाया। उन्होंने संदेश दिया कि मनुष्य को अपने कर्तव्य का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करना चाहिए तथा फल की चिंता किए बिना कर्म करते रहना चाहिए। आज के दौर में भगवान श्री कृष्ण के आदर्श और उनके द्वारा दिए गए उपदेश समाज के लिए पहले से भी अधिक प्रासंगिक हैं।बजरंग गर्ग ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और सनातन परंपराओं से जोड़ना भी है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, सद्भाव और धार्मिक भावना मजबूत होती है। जन्मोत्सव के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने भव्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया और भगवान श्री कृष्ण के गीतों पर भक्तिमय वातावरण में नाचते व झूमते नजर आए। मध्यरात्रि में भगवान श्री कृष्ण के जन्म के पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। रात जन्मोत्सव में हिसार विधायक सावित्री जिंदल, हिसार लोकसभा सांसद जयप्रकाश, उकलाना नरेश सेलवाल, आदमपुर विधायक चन्द प्रकाश व स्कूल के छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।