चण्डीगढ़, 28.08.26- : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री दुर्गा मंदिर, सेक्टर 41-ए में आयोजित होने जा रही संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व आज श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
कलश यात्रा का शुभारंभ श्री दुर्गा मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चारण एवं भगवान श्री कृष्ण के स्मरण के साथ हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर इस पावन यात्रा में भाग लिया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों एवं भगवान श्री कृष्ण के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
भव्य कलश यात्रा श्री दुर्गा मंदिर सेक्टर 41-ए से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भक्तों में भगवान श्री कृष्ण के प्रति अपार श्रद्धा और उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर श्री दुर्गा मंदिर प्रबंधक समिति, महिला मंडल के पदाधिकारी, मंदिर से जुड़े सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी भक्तों ने भगवान श्री कृष्ण से क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिर समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे अब से 5 सितंबर तक आयोजित होने वाली संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा में परिवार सहित पहुंचकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करें। कथा प्रतिदिन दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक श्री दुर्गा मंदिर, सेक्टर 41-ए में आयोजित की जाएगी।
कथा वाचन के लिए हिमाचल प्रदेश से पधारे प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित संजय शर्मा जी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करवाया जाएगा। उनके साथ हिमाचली टीम भी विशेष रूप से उपस्थित रही।
इस अवसर पर महिला मंडल प्रधान अनीता कुमार, महिला मंडल महासचिव मीरा राणा, श्री दुर्गा मंदिर महासचिव मनोहर लाल, कार्यक्रम में हिमाचल महासभा, चंडीगढ़ के अध्यक्ष पृथी सिंह प्रजापति भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डी. आर. चौधरी, सुरेश शर्मा, मास्टर किशोर लाल, नंद लाल, रांझा राम, के. सी. राणा, सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे