ऊना जिले में इस वर्ष लगाए जाएंगे करीब 2 लाख पौधे : मुकेश अग्निहोत्री
77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव का कुठार बीत में शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
कुठार बीत में हरित आवरण बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपये
ऊना, 14 अगस्त. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाते हुए जिला ऊना में वर्ष 2026-27 के दौरान करीब 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की पेड़ बनने तक देखभाल सुनिश्चित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कुठार बीत में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर जिला में पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य की नींव तैयार करते हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जिला ऊना में वन विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान 103 हेक्टेयर नए क्षेत्र में पौधारोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न योजनाओं के तहत जिला में करीब 2 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इनमें नए पौधारोपण के तहत लगभग 12 हजार, राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत करीब 17 हजार, पुराने पौधारोपण क्षेत्रों के रखरखाव के तहत लगभग 16 हजार, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत करीब 60 हजार तथा बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रतिपूरक वनीकरण के तहत 72 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 80 हजार पौधे शामिल हैं।
कुठार बीत में हरित आवरण बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपये
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुठार बीत के संपूर्ण क्षेत्र में हरित आवरण को और बढ़ाने तथा वन संरक्षण एवं वन संवर्धन के विभिन्न कार्यों को गति देने के लिए बल्क ड्रग पार्क परियोजना के अंतर्गत 10 करोड़ रुपये वन विभाग को उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसकी एवज में 198.5 हेक्टेयर भूमि पर प्रतिपूरक वनीकरण के तहत कुल 2,18,350 पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें से 72 हेक्टेयर वन भूमि पर वर्ष 2026-27 के दौरान पौधारोपण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त कुठार बीत क्षेत्र में 126.5 हेक्टेयर भूमि पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने का कार्य भी उद्योग विभाग के सहयोग से प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ रुपये की राशि से पूरे क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ वन संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
तालाब का होगा जीर्णोद्धार, वॉकिंग ट्रेल्स के साथ विकसित होगा पार्क
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुठार बीत के तालाब का जीर्णोद्धार किया जाएगा। तालाब के आसपास के क्षेत्र को सुंदर पार्क के रूप में विकसित करने के साथ-साथ वॉकिंग ट्रेल्स भी बनाई जाएंगी, ताकि यह स्थान स्थानीय लोगों के लिए पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सैर और मनोरंजन का बेहतर स्थल बन सके।
उन्होंने कहा कि भूजल स्तर को बनाए रखने के लिए जमीन के अंदर पानी पहुंचाना जरूरी है। कुछ लोग तालाबों के निर्माण पर नुक्ताचीनी करते हैं, लेकिन बीत क्षेत्र में बनाए गए तालाब आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और बीत क्षेत्र में पानी की समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
वन महोत्सव स्थल पर उपमुख्यमंत्री के आह्वान पर अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी अमरूद, आंवला, कचनार, हरड़ और बेहड़ा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को पौधे वितरित भी किए गए, ताकि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी से बढ़ेगा वन संरक्षण
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत जिला ऊना में 21 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया जा रहा है, जबकि हरोली विधानसभा क्षेत्र के भदसाली में 2 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाए जा रहे हैं। इस योजना में महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। पौधों के 50 प्रतिशत से अधिक जीवित रहने पर संबंधित मंडलों एवं समूहों को एक लाख रुपये तक प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के साथ-साथ उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना भी है।
मुकेश अग्निहोत्री ने लोगों से हर साल कम से कम एक पौधा लगाने और उसे पेड़ बनने तक उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास खाली भूमि उपलब्ध है, वन विभाग उनकी भूमि पर पौधे लगाने में सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है, जितना पौधा लगाना।
वन सम्पदा के संरक्षण को प्रतिबद्ध
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि वन अपराधों पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से वन संरक्षण के इस अभियान में सरकार और वन विभाग का सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में हरोली में पर्यावरण हितैषी विकास के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही उन्होंने हर व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।
इससे पहले डीएफओ विकल्प यादव ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा वन विभाग की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर कौर, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, पंचायत समिति सदस्य नीलम कुमारी, कांग्रेस नेता प्रमोद कुमार, दिनेश शर्मा, योगराज योगा, कुठार बीत की प्रधान कांता देवी, जखेवाल के प्रधान रामपाल,पूबोवाल के प्रधान सुमन, माजरा की प्रधान सीमा देवी, अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत, महिला मंडल, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
==================================================
*डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई अक्षर पत्र लेखन प्रतियोगिता’ का आयोजन, 31 अक्टूबर तक जमा करवा सकते हैं प्रविष्टियां *
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए नागरिकों से भागीदारी की अपील
ऊना, 14 अगस्त। भारतीय डाक विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर ‘ढाई अक्षर पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नागरिकों में पत्र लेखन की परंपरा को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की जा रही है। पहली श्रेणी 18 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागियों के लिए तथा दूसरी श्रेणी 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए निर्धारित की गई है।
डाकघर ऊना मंडल के अधीक्षक बलवीर चंद ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन 31 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “धरती माता को पत्र : प्रकृति की रक्षा का मेरा वादा” रखा गया है। यह विषय नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं को प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी व्यक्त करने का अवसर प्रदान करेगा।
अधीक्षक ने बताया कि प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां ए-4 आकार के कागज पर अधिकतम 1000 शब्दों में अथवा अंतर्देशीय पत्र पर अधिकतम 500 शब्दों में हिंदी, अंग्रेजी अथवा स्थानीय भाषा में लिख सकते हैं। केवल हस्तलिखित प्रविष्टियां ही स्वीकार की जाएंगी। प्रविष्टियां मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, हिमाचल प्रदेश डाक सर्किल, एसडीए कॉम्प्लेक्स, कासुम्पटी, शिमला-171009 के पते पर भेजी जानी हैं। साथ ही, प्रविष्टियां जमा करवाने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
बलवीर चंद ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हज़ार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 10 हज़ार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हज़ार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार 50 हज़ार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हज़ार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 10 हज़ार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी वर्ग अपनी प्रविष्टियां विद्यालय प्रमुखों के माध्यम से डाक मंडल कार्यालय, ऊना में भी जमा करवा सकते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रमुखों, अध्यापकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को इस रचनात्मक एवं प्रेरणादायक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि पत्र लेखन की समृद्ध परंपरा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके।
====================================================
*ऊना में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित *
*वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों ने पौधारोपण कर दिया पर्यावरण सरंक्षण का संदेश *
ऊना, 14 अगस्त 2026। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से नेशनल एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजंस 2026-27 के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिक सुविधा केंद्र, चड़तगढ़ में पौधा रोपित कर किया गया।
पौधारोपण अभियान का शुभारंभ जिला कल्याण अधिकारी, ऊना आवास पंडित की उपस्थिति में हुआ जबकि तहसील कल्याण अधिकारी जतिंदर शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर लगभग 50 वरिष्ठ नागरिकों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
पौधारोपण अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा रोपित किए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
पौधारोपण अभियान के तहत प्रेम आश्रम, ऊना और जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय परिसर ऊना में भी पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।
जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता तथा भावनात्मक जुड़ाव का संदेश भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को भी सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है।
==============================================
बारबेक्यू में हॉस्पिटैलिटी स्टाफ के भरे जाएँगे 100 पद, साक्षात्कार 18 को रोजगार कार्यालय ऊना में
ऊना, 14 अगस्त। बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड की ओर से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। कंपनी में हॉस्पिटैलिटी स्टाफ के 100 पद भरे जाएँगे।
जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंपस इंटरव्यू 18 अगस्त को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय, ऊना में आयोजित होगा। सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं अथवा होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही 18 से 30 वर्ष के मध्य आयु
और वेतन प्रतिमाह 19,600 रुपये निर्धारित किया है। इसके अलावा निःशुल्क भोजन, आवास, यात्रा सुविधा, प्रोत्साहन राशि, पीएफ, ईएसआई आदि सुविधाएं भी देय होंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा कार्य के साथ-साथ 12 माह का डिप्लोमा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी करवाया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, बायोडाटा, अनुभव पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 88106-37785 दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही साक्षात्कार में आने-जाने का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।