हमीरपुर 06 अगस्त। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने वीरवार को ग्राम पंचायत जटेहड़ी के गांव पंतेहड़ी का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात करके उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान पंतेहड़ी गांव के निवासियों ने सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष सड़क की समस्या के बारे में बताया। इसके बाद सुनील शर्मा बिट्टू ने मौके पर जाकर सड़क के निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया। उन्होंने गांववासियों से कहा कि इस सड़क का एक हिस्सा वन विभाग की भूमि के अंतर्गत आता है। इस भूमि से सड़क का निर्माण सुनिश्चित करने के लिए सुनील शर्मा बिट्टू ने वन विभाग के अधिकारियों को सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के दिशा-निर्देश दिए।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी, ताकि गांववासियों को सड़क की सुविधा उपलब्ध हो सके।
गांववासियों ने अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित समस्याएं एवं मांगें भी सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष रखीं। सुनील शर्मा बिट्टू ने इन सभी जनसमस्याओं के निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए तथा गांववासियों की मांगों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के समक्ष रखने का भरोसा दिया।
इससे पहले, पंतेहड़ी पहुंचने पर सुनील शर्मा बिट्टू का स्थानीय पंचायत प्रधान रविंद्र सिंह, उपप्रधान ज्योति प्रकाश, वार्ड पंच मीनू देवी, ब्रह्मी देवी, अमन कुमार, देवी दत्त कालिया, स्थानीय निवासियों रोशन लाल, अशोक कुमार, देशराज, पमिल, विक्की राणा, विजय कुमार, उषा रानी, नीलम कुमारी, किरण कुमारी, सरोज कुमारी, शालू, शिल्पा और अन्य लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।