शिमला, 30.07.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने नगरोटा वगवां के पूर्व विधायक राम चन्द भाटिया के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। पूर्व विधायक राम चन्द भाटिया पिछले लम्बे समय से बिमार चल रहे थे। विधान सभा अध्यक्ष ने अपने शोक सन्देश में कहा कि राम चन्द भाटिया एक कद्दावर नेता थे तथा तीन बार विधान सभा के सदस्य रहे । वह वर्ष 1982 में पहली बार नगरोटा वगवां निर्वाचन क्षेत्र से विधान सभा सदस्य चुने गए थे। उनका व्यक्तित्व मिलनसार था वह लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनकी यह खासियत थी कि वे राजनीति, प्रशासन और समाज सेवा को हमेशा संतुलित रखते थे।
पठानियां ने कहा कि प्रदेश ने राम चन्द भाटिया के रूप में एक होनहार तथा कर्तव्य निष्ठ नेता खोया है जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। पठानियां ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।