चण्डीगढ़12.07.26- : मिनी टैगोर थिएटर में रविवार को महान पार्श्व गायक स्वर्गीय मोहम्मद रफ़ी को समर्पित एक भावपूर्ण संगीतमय संध्या का आयोजन किया गया। यादगार-ए-रफ़ी सोसायटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के अनेक गायकों ने रफ़ी साहब के सदाबहार गीत प्रस्तुत कर उन्हें संगीतांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित श्रोताओं ने रफ़ी साहब के अमर गीतों का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर यादगार-ए-रफ़ी सोसायटी के बी. डी. शर्मा ने मंच पर रफ़ी साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनका लोकप्रिय गीत "असली क्या है, नक़ली क्या है" प्रस्तुत किया। वहीं शहर के जाने-माने क्विज़ मास्टर किशोर कुमार शर्मा ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति "ज़माने ने मारे जवाँ कैसे-कैसे" से श्रोताओं को भावुक कर दिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में विभिन्न गायकों ने रफ़ी साहब के कालजयी गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ देकर उनकी मधुर स्मृतियों को जीवंत किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को रफ़ी साहब की अमूल्य संगीत विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम का समापन सभी कलाकारों और श्रोताओं द्वारा रफ़ी साहब को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।