चण्डीगढ़:08.06.26-हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां रविवार सायं चण्डीगढ़ पहुँचे तथा हरियाणा विधान सभा द्वारा 8 से 10 जून, 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन ॥ के सम्मेलन में शामिल हुए। इस सम्मेलन में कुलदीप सिह पठानियां के साथ विधायक संजय रत्न, उप-मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार एवं विधायक केवल सिंह पठानियां, विधायक नीरज नैय्यर, विधायक राकेश जम्वाल, विधायक रीना कश्यप तथा विधायक कमलेश ठाकुर भी गत सायं चण्डीगढ़ पहुँचे तथा राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन -॥ सम्मेलन मे शामिल हुए। सम्मेलन के उदघाटन कार्यक्रम से पूर्व कुलदीप सिंह पठानियां सम्मेलन में शामिल विधायकों संग हरियाणा के राज्यपाल प्रो0 अशीम कुमार घोष द्वारा लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला पीठासीन अधिकारियों तथा अन्य प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित दोपहर के प्रीती भोज में भी शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल अशीम कुमार घोष ने हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। तत्पश्चात पठानियां ने हरियाणा लोक भवन परिसर में औषधीय पौध रोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। दोपहर भोज के दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी पीठासीन अधिकारियों के साथ मुलाकात कर एक- दूसरे का अभिवादन स्वीकार किया तथा आज के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम पर चर्चा की।
अपराह्न 2:00 बजे सभी प्रतिनिधि लोक भवन हरियाणा से चण्डीगढ़ स्थित हरियाणा विधान मण्डल भवन पहुँचे जहाँ हरियाणा विधान सभा के चैम्बर में आयोजित राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन -॥ के सम्मेलन का शुभारम्भ लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा पीठासीन अधिकारियों तथा अन्य प्रतिनिधियों की उपस्थिती में पारम्परिक द्वीप प्रज्जवलित कर किया गया। सम्मेलन के शुभारम्भ कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह, राज्य सभा उप-सभापति डॉ हरिवंश, हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा तथा उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां, मध्य प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष नरेन्द्र तोमर, महाराष्ट्र विधान सभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, दिल्ली विधान सभा अध्यक्ष बिजेन्दर गुप्ता, पँजाब विधान सभा अध्यक्ष कुल्लतार सिंह संडवा तथा जम्मू एवं कश्मीर विधान सभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर, हरियाणा विधान सभा सदस्य तथा हि0प्र0 विधान सभा से सम्मेलन में शामिल सदस्य मौजूद थे। इस सम्मेलन में हि0प्र0 विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा सहित अन्य राज्य विधान मण्डलों के सचिव भी शामिल हुए।
सम्मेलन के शुभारम्भ कार्यक्रम के दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला, हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह, राज्य सभा उप-सभापति डॉ0 हरिवंश ने अपने-अपने सम्बोधन दिए तथा हरियाणा के स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने अपना स्वागत भाषण दिया जबकि हरियाणा सरकार के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने सभी अतिथियों का सम्मेलन में शामिल होने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ने सभी अतिथि पीठासीन अधिकारियों को हरियाणवी रिति –रिवाज के हिसाब से सम्मानित भी किया।
कुलदीप सिंह पठानियां 9 जून, 2026 को होटल दी ललित में आयोजित होने वाले तीन पूर्ण सत्रों के दौरान “विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर अपना सम्बोधन देंगे तथा इस सम्मेलन में हि0प्र0 से शामिल होने गए विधायकगण भी इस विषय पर अपना विजन प्रस्तुत करेंगे।