जिला परिषद ऊना के 17 नवनिर्वाचित सदस्यों ने ली पद की शपथ

ऊना, 8 जून. जिला परिषद ऊना के नवनिर्वाचित 17 सदस्यों ने सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में पद की शपथ ली। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जतिन लाल ने सभी सदस्यों को शपथ दिलाई। इस दौरान ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं तथा जिला परिषद ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण संस्था है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण भाव से निर्वहन करेंगे तथा जिला के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में जिला परिषद वार्ड मुबारिकपुर से पवनजीत सिंह, कुठेड़ा खैरला से अरुण लता, ठठल से सरबन सिंह, सोहारी से योगराज, लठियाणी से अनीता देवी, धनेत से चंचल वाला, टक्का से सुमित कुमार शर्मा, चताड़ा से अनु ठाकुर, देहलां अप्पर से अविनाश कुमार, रायपुर सहोड़ा से बिंदु शर्मा, बाथू से ज्योति वाला, दुलैहड़ से सुलिंदरपाल कौर, हरोली से केवल सिंह, पंजावर से इंदु वाला, अम्बोटा से पवन कुमार, चलेट से आरती देवी तथा भंजाल लोअर से गुरमुख सिंह शामिल रहे।
समारोह में जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी, नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के परिजन तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

=========================================

नगर निगम ऊना की मतदाता सूची निरीक्षण के लिए उपलब्ध, 18 जून तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित

ऊना, 8 जून। नगर निगम ऊना के निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित कर दिया गया है। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नाo) ऊना अभिषेक मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के तहत तैयार की गई मतदाता नामावली 8 जून 2026 से आमजन के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अवलोकन उपमंडलाधिकारी (नाo) ऊना, नगर निगम कार्यालय ऊना तथा तहसीलदार ऊना के कार्यालय में किया जा सकता है। मतदाता नामावली में नाम शामिल करने के लिए 1 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन, सुधार या किसी नाम के संबंध में आपत्ति दर्ज करवानी है, तो संबंधित व्यक्ति निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से 18 जून 2026 तक अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए आवेदन पुनरीक्षण अधिकारी, सहायक अभियंता नगर निगम ऊना अथवा नायब तहसीलदार, कार्यालय उपायुक्त ऊना में जमा करवाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए नगर निगम ऊना के सहायक अभियंता अंकुश राणा और डीसी कार्यालय ऊना से नायब तहसीलदार सतीश पूरी को पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने सभी नगर निगमवासियों से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता हो तो निर्धारित समयावधि के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

श्री मित्तल ने बताया कि दावों एवं आपत्तियों पर निर्णय के उपरांत, यदि कोई व्यक्ति पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है तो वह 23 जून से 30 जून 2026 के बीच अपीलीय प्राधिकारी, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (नाo) ऊना के समक्ष अपील दायर कर सकता है। अपीलों का निपटारा 3 जुलाई तक किया जाएगा। इसके अलावा सभी प्रक्रियाओं के पूर्ण होने के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जुलाई को अथवा उससे पूर्व कर दिया जाएगा।

======================================

युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का सुनहरा अवसर, 12 जून तक कर सकते हैं ऑनलाइन पंजीकरण
ऊना, 8 जून। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से प्रदेश के 10वीं पास युवाओं को विदेश में रोजगार का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात की किंग्सटन होल्डिंग कंपनी में जनरल हेल्पर/ फैक्ट्री हेल्पर के विभिन्न पद भरे जाएंगे।
इसके लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 12 जून, 2026 तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम https://docs.google.com/forms/d/e/1FAlpQLSe1nRuIn1TsnfJfW1aNJNhbYTotKHUVu2xdmglnODMhyQcTLA/viewform अपना पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति दुबई में की जाएगी। साथ ही, लगभग 1,375 एईडी मासिक वेतन दिया जाएगा, जिसमें ओवरटाइम भी शामिल है। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा आवास सुविधा, चिकित्सा सुविधा तथा प्रत्येक दो वर्ष में हवाई टिकट प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता व आयु सीमा
इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को अंग्रेजी भाषा का सामान्य ज्ञान होना आवश्यक है। आयु सीमा 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वैध पासपोर्ट अनिवार्य है।
इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों का 30 हज़ार रूपये सेवा शुल्क सहित 18 प्रतिशत जीएसटी तथा 1,500 रूपये चिकित्सा शुल्क (भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार) लगेगा। अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।

===========================================

बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में भरे जाएँगे 100 पद, साक्षात्कार 11 को अम्ब में

ऊना, 8 जून। हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में 100 पद भरे जाएँगे। इसके लिए साक्षात्कार 11 जून को सुबह 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय अंब में किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने दी।

उन्होंने इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 19,600 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन के साथ निःशुल्क भोजन, आवास, पीएफ, ईएसआई, इंसेंटिव तथा कंपनी की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। साथ ही, कार्यस्थल उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर रहेगा।

नौकरी के साथ उच्च शिक्षा का भी अवसर

उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कार्य के साथ-साथ मेधावी यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा अथवा डिग्री करने का अवसर मिलेगा। यह प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होगा और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं अध्ययन सफलतापूर्वक पूरा करने पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा अथवा डिग्री प्रदान की जाएगी।

*ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी।

जिला रोजगार अधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में भाग लेने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए 7009060387 पर संपर्क किया जा सकता