नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों का पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
मंडी, 08 जून 2026-जिला परिषद मंडी के 36 नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए सोमवार को भ्यूली स्थित जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष में पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस गरिमामय अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने नव निर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला परिषद सदस्य ग्रामीण एवं जिला स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके नेतृत्व, सक्रिय सहभागिता और जनसेवा की भावना से विकास कार्यों को नई गति एवं दिशा मिलेगी तथा आमजन को इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
शपथ ग्रहण के दौरान सदस्यों ने पूर्ण सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनहित के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, एसडीएम सदर रूपिंदर कौर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, जिला परिषद के सदस्य सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
==========================================

विदेश में रोजगार के लिए 10वीं पास युवाओं से आवेदन आमंत्रित, 12 जून अंतिम तिथि

मंडी, 08 जून। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने आज यहां बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) स्थित प्रतिष्ठित कंपनी किंगस्टन होल्डिंग में फैक्ट्री सहायक/जनरल हेल्पर के पदों के लिए भर्ती की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है तथा सामान्य अंग्रेजी का ज्ञान आवश्यक है। इन पदों के लिए केवल पुरुष आवेदक (फ्रेशर/अनुभवी) आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की आयु 21 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए तथा वैध पासपोर्ट अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 1375 दिरहम प्रतिमाह आय प्राप्त होगी, जिसमें 1075 दिरहम मासिक वेतन तथा प्रतिदिन 3 घंटे के ओवरटाइम से लगभग 300 दिरहम अतिरिक्त आय शामिल है (भारतीय रुपये के हिसाब से लगभग ₹35,681/- प्रतिमाह) दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा आवास, कंपनी की नीति के अनुसार मेडिकल बीमा, प्रत्येक दो वर्ष में एक बार हवाई टिकट तथा दुबई श्रम कानून के अनुसार ग्रेच्युटी की सुविधा प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित निर्धारित शुल्क ₹35,400/- + GST (₹30,000/- सर्विस चार्ज + ₹5,400/- 18% GST एवं ₹1,500/- मेडिकल शुल्क) का भुगतान करना होगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण के लिए अभ्यर्थी लिंक: https://forms.gle/kEN8BYQJBHfSxuqE7 पर क्लिक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वैध पासपोर्ट के बिना उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल वही उम्मीदवार आवेदन करें जो यात्रा करने और एक माह के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के इच्छुक हों।

उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, मण्डी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने विदेश में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं से आह्वान किया कि अधिक से अधिक आवेदक इसका लाभ उठाएं।

==================================================

निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से करें लंबित विद्युत बिलों का भुगतान, विभाग ने किया आग्रह

मंडी, 08 जून। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के विद्युत उप-मंडल-1, मंडी के सहायक अभियंता ई. नरेश ठाकुर ने उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपने लंबित विद्युत बिलों का भुगतान निर्धारित तिथि तक अनिवार्य रूप से करने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा इस माह देय विद्युत बिलों का भुगतान नियत तिथि तक नहीं किया जाएगा, उनके विद्युत कनेक्शन (मीटर) बिना किसी अतिरिक्त सूचना अथवा पत्राचार के विच्छेदित (काट) कर दिए जाएंगे। इसके उपरांत विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल करवाने के लिए उपभोक्ताओं को 250 रुपए प्रति कनेक्शन पुनः संयोजन शुल्क अतिरिक्त रूप से अदा करना होगा।

उन्होंने सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को भी सूचित किया है कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित विद्युत बिल अब केवल बोर्ड के अभिलेखों में दर्ज पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी के माध्यम से ही उपलब्ध करवाए जाएंगे। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को विद्युत बिलों की मुद्रित प्रति उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी। उपभोक्ता अपने विद्युत बिलों को विद्युत बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hpseb.in अथवा HPSEBL Mobile App के माध्यम से भी डाउनलोड कर सकते हैं तथा ऑनलाइन भुगतान की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे समय पर अपने लंबित बिजली बिलों का भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति बनाई रखी जा सके। उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध है कि वे अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी को निकटतम विद्युत कार्यालय में संपर्क कर अद्यतन करवाना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें विद्युत बिलों, देय तिथियों तथा अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं से संबंधित संदेश समय पर प्राप्त होते रहें।

==============================================

पराशर का तीन दिवसीय सरनाहुली मेला 14 जून से होगा शुरू

एसडीएम ने सभी विभागों को तय समय में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए

मंडी, 8 जून। मंडी जिले का तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरनाहुली पराशर मेला 14 जून से शुरू होने जा रहा है। यह जानकारी एसडीएम सदर मंडी रूपिन्द्र कौर ने सोमवार को डी.आर.डी.ए. समिति हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

उन्होंने बताया कि यह मेला लोक आस्था का प्रतीक है। इस वर्ष मेला 14 से 16 जून तक मनाया जाएगा। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी समुचित प्रबंध किए जाएंगे।
रूपिन्द्र कौर ने स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ सहित स्वास्थ्य जांच शिविर, जल शक्ति को समुचित पेयजल सप्लाई, पेयजल टैंकर, विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति, हिमाचल पथ परिवहन निगम (एच.आर.टी.सी.) को मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात बस सुविधा, लोक निर्माण को सड़कों के मरम्मत, साइन बोर्ड, पर्यटन विभाग को भी पराशर की ओर जाने वाली सड़क के किनारे विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने, अग्नि शमन विभाग को अग्नि शमन वाहन तैनात करने, खाद्य आपूर्ति विभाग को खाद्य सामर्गी की गुणवत्ता पर पैनी नजर रखने, पुलिस विभाग को कानून व पार्किंग व्यवस्था आदि के पुख्ता इंतजाम करने को निर्देशित किया है।

उन्होंने पुलिस व आबकारी विभाग को नशीली वस्तुओं के विक्रय पर लगाम लगाने पर भी जोर दिया। बी.डी.ओ. सदर को साफ-सफाई, शौचालय आदि व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं किसी प्रकार की कठिनाई पेश न आए। उन्होंने पराशर मेले में सभी विक्रेताओं से साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अपनी दुकानों के बाहर कूड़ेदान रखने को कहा है।

एस.डी.एम. ने बताया कि मेले में नशीले पदार्थ जैसे शराब, बीयर, सिगरेट आदि के विक्रय पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। पुलिस विभाग को नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को तय समय के भीतर अपेक्षित तैयारियां पूरी करने के निर्देश दे दिए हैं।

उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय मेला समिति के साथ समन्वय स्थापित करके आयोजित होने वाली सांस्कृतिक व खेल गतिविधियों संबंधी सभी तैयारियां तय समय में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों को लेकर प्रदर्शनियां व स्टॉल लगाने को भी कहा है। बैठक में मेले के सफल कार्यान्वयन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। उन्होंने आमजन से भी पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने भी अपील की है।

बैठक में जिला कल्याण अधिकारी समीर, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैणी, वरिष्ठ अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी संस्थाओं के सदस्य उपस्थित थे।

.0.