उपायुक्त की अध्यक्षता में नीट (यूजी) 2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर, 08 जून: आगामी 21 जून को आयोजित होने जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने को लेकर विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। जिला बिलासपुर में बिलासपुर मुख्यालय में तीन तथा घुमारवीं में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए हैं, जिनमें लगभग 1400 अभ्यर्थियों परीक्षा में शामिल होंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए परिवहन सेवाओं की सुगमता, पेयजल आपूर्ति, इंटरनेट सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं के तहत एंबुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सभी सुविधाएं समयबद्ध सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
राहुल कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय 1ः30 बजे से पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुंचने का आह्वान किया है। साथ ही अपने साथ एडमिट कार्ड, वास्तविक पहचान पत्र तथा दो फोटोग्राफ साथ लाने को भी कहा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए, ताकि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, एसडीएम गौरव चैधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

========================================

उपायुक्त ने जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
नशा उन्मूलन को सभी जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने का किया आह्वान

बिलासपुर, 08 जून: बिलासपुर में जिला पंचायत संसाधन केंद्र भवन के प्रशिक्षण हाॅल में आज जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने सभी 14 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में वार्ड नंबर 01 घंडालवीं से जमना देवी, वार्ड नंबर 02 गाहर से रक्षा कुमारी, वार्ड नंबर 03 कुठेड़ा से निशु देवी, वार्ड नंबर 04 ननावां से प्रोमिला देवी, वार्ड नंबर 05 बड़गांव से नरेंद्र कुमार, वार्ड नंबर 06 रोहल से जरनैल सिंह, वार्ड नंबर 07 जेजवीं से आशा देवी, वार्ड नंबर 08 जांगला से देवांश चंदेल, वार्ड नंबर 09 बामटा से सपना कुमारी, वार्ड नंबर 10 बरमाणा से अशोक कुमार, वार्ड नंबर 11 नम्होल से सुरभि ठाकुर, वार्ड नंबर 12 जुखाला से लेख राम, वार्ड नंबर 13 स्वाहण से रतन चंद तथा वार्ड नंबर 14 कोटखास से तरसेम सिंह शामिल रहे।
इस मौके पर उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदाताओं ने उन पर विश्वास व्यक्त किया है, ऐसे में जन आकांक्षाओं पर खरा उतरना उनकी अहम जिम्मेदारी हो जाती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के समग्र विकास तथा आमजन के कल्याण के लिए पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही तथा समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
राहुल कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जनकल्याण और विकास के दृष्टिगत अनेक कल्याणकारी योजनाएं एवं कार्यक्रम शुरू किये हैं, जिनके माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्तियों को समयबद्ध लाभान्वित करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने से समाज से नशा उन्मूलन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि ग्रामीण विकास को गति देने, स्थानीय समस्याओं के समाधान तथा लोगों की आकांक्षाओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्य से आशा व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने कार्यकाल के दौरान जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
उपायुक्त ने कहा कि जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए शीघ्र ही तिथि घोषित की जाएगी, जिसके उपरांत जिला परिषद का कार्य पूर्ण रूप से प्रारंभ हो सकेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी यश पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।