घुमारवीं (बिलासपुर) 08 जून: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनीं तथा अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया।
इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की जन समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिन मामलों का मौके पर निपटारा नहीं हो सका है, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर हल किया जाए।
इस मौके पर हाल ही में नव निर्वाचित पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मंत्री राजेश धर्माणी से शिष्टाचार भेंट की तथा अपनी पंचायतों एवं क्षेत्रों के विकासात्मक मुद्दों को उनके समक्ष रखा। इस बीच ग्राम पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क संपर्क, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा और अन्य विकास कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने नव-निर्वाचित पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि जन अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपने क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी पंचायतों के संपूर्ण विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, नीतियों एवं कार्यक्रमों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है ताकि समाज का कोई भी वर्ग वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागों को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के भी निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विकास संबंधी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर जनहित में जल्द उचित कदम उठाने का भी भरोसा दिया।
इस मौके पर नवनिर्वाचित पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
-000-