उपायुक्त की अध्यक्षता में नीट (यूजी) 2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर, 29 अप्रैल: आगामी 3 मई को आयोजित होने जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने को लेकर विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। जिला बिलासपुर में बिलासपुर मुख्यालय में तीन तथा घुमारवीं में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए हैं, जिनमें 1356 पंजीकृत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित बनाने के लिए अपने-अपने स्तर पर सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए परिवहन सेवाओं की सुगमता, पेयजल आपूर्ति, इंटरनेट सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं के तहत एंबुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सभी सुविधाएं समयबद्ध सुनिश्चित करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित बनाई जाएगी तथा डयूटी मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, एसडीएम डाॅ. राजदीप सिंह, तहसीलदार घुमारवीं बबीता धीमान, उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश कुमारी चंदेल, प्रधानाचार्य केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं रिंकू कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
==================================================
नगर निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया शुरू, जिला बिलासपुर में पहले दिन 16 प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
बिलासपुर, 29 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन के पहले दिन जिले में कुल 16 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
नामांकन पत्र 30 अप्रैल और 2 मई को भी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 6 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।
नामांकन पत्र दाखिल करने के पहले दिन घुमारवीं नगर परिषद के वार्ड नंबर 2 कल्याणा से विशाल तथा वार्ड नंबर 8 से रचना शर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नगर परिषद बिलासपुर में वार्ड नंबर 11 से मुकेश भाटिया और रोशन लाल सहगल, वार्ड नंबर 8 से रजनी तथा वार्ड नंबर 9 से अमित कुमार ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। नगर पंचायत तलाई के वार्ड नंबर 5 से पृथ्वी चंद ने भी नामांकन दाखिल किया।
इसी क्रम में नगर परिषद श्री नैना देवी जी में भी कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वार्ड नंबर 1 से दीपक शर्मा और महेश कुमार, वार्ड नंबर 3 से सीताराम और रमन कुमार, वार्ड नंबर 4 से लता कुमारी, वार्ड नंबर 5 से आरती और अमन कौशिक, वार्ड नंबर 6 से नेहा शर्मा तथा वार्ड नंबर 7 से दीक्षा ने अपने-अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।