शिमला:17.02.26- उत्कृष्ट महाविद्यालय संजोली के छात्र – छात्राओं ने आज सदन की कार्यवाही आरम्भ होने से पूर्व हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात की तथा सदन में आज होने वाली कार्यवाही के बारे भी पूछा। इस अवसर पर पठानियां ने बच्चों से प्रश्न किया कि विधान सभा क्या है? जिसका उत्तर देने में सभी छात्र असमर्थ रहे। संवाद करते हुए पठानियां ने कहा कि विधान सभा प्रतिनिधियों का सदन है जहाँ हिमाचल प्रदेश के 68 निर्वाचन क्षेत्रों से प्रतिनिधि चुनकर आते हैं तथा अपने- अपने क्षेत्रों का नेतृत्व करते हैं। उन्होने कहा कि जिनकी संख्या ज्यादा होती है या जिनके पास बहुमत होता है वह सरकार बनाते हैं। उन्होने कहा कि सबसे पहले मन्त्रिपरिषद का गठन होता है जिसके मुखिया मुख्यमंत्री होते हैं। जब विधान सभा का सत्र बुलाया जाता है तो प्रतिपक्ष सरकार से प्रश्न पूछता है और सरकार उसका जवाब देने का प्रयास करती है। पठानियां ने कहा कि कानून बनाने का अधिकार देश में केवल लोक सभा और विधान सभा के पास है। राज्यपाल महोदय मन्त्रिपरिषद की सलाह पर कार्य करते हैं।
स्पीकर विधान सभा के चुनाव पर विधान सभा अध्यक्ष ने बच्चों को अवगत करवाते हुए कहा कि विधान सभा में स्पीकर का चुनाव विधान सभा सदस्यों द्वारा किया जाता है। यह प्रक्रिया काफी दिलचस्प है। सबसे पहले सदन का सबसे वरिष्ठ सदस्य, प्रोटेम स्पीकर, चुनाव प्रक्रिया की शुरूआत करता है। फिर, स्पीकर पद के लिए उम्मीदवारों का नामांकन होता है। अगर सिर्फ एक ही उम्मीदवार है तो उन्हें निर्विरोध स्पीकर चुन लिया जाता है। लेकिन अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार हैं तो गुप्त मतदान होता है और सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार स्पीकर बन जाता है।
विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्रों को आज सदन के अन्दर होने वाली कार्यवाही देखने के लिए आमन्त्रित किया। उन्होने सभी बच्चों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।