विडियो काॅल पर ग्रामीणों ने सीएम से लगाई थी फरियाद, मिला नया फुटब्रिज

भनाला एवं बोडुसरना पंचायतों के बाशिंदों ने सीएम को कहा थैंक्स
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया नवनिर्मित ब्रिज का निरीक्षण
बरसात में बहा था फुटब्रिज, भनाला तथा बोडुसरना पंचायतों का टूटा था संपर्क

धर्मशाला, 11 फरवरी। शाहपुर विस क्षेत्र के भनाला तथा बोडुसरना पंचायतों को आपस में जोड़ने वाला नया फुटब्रिज मिलने से सफर फिर से आसान हो गया है । ग्रामीणों ने नया फुटब्रिज निर्मित होने पर सीएम का थैंक्स भी किया है। बुधवार को उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दस लाख रूपये की लागत से नवनिर्मित फुटब्रिज का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के “व्यवस्था परिवर्तन” के संकल्प को साकार करते हुए मात्र दस लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कार्य तीन माह की अवधि में पूर्ण किया गया है, जिससे सैकड़ों लोगों को लाभ मिलेगा।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भनाला तथा बोडुसरना को जोड़ने वाला फुट ब्रिज भारी बरसात के चलते पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था उन्होंने कहा कि धड़मोथा गांव सहित लगभग 200 नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि लोगों की इस समस्या को लेकर एक ही फोन कॉल पर मुख्यमंत्री द्वारा 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद भी किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जन समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए कृत संकल्प है तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु ने तमाम आर्थिक चुनौतियों के बाबजूद आम जनमानस को सुविधाएं देने के लिए जनहितैषी निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए वर्तमान सरकार ने विकास के लिए करोड़ों के विकास कार्यों की सौगत दी है तथा अब शाहपुर विस क्षेत्र के नड्डी में एशिया की सबसे बड़ी जिप लाइन के लिए भी स्वीकृति प्रदान की गई है इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। आज नवनिर्मित फुटब्रिज के निरीक्षण अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उन्होंने विधायक एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर भनाला पंचायत के पूर्व प्रधान रविंद्र राणा ने भी मुख्यमंत्री एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद किया।

=====================================

विधायक केवल सिंह पठानिया ने जन्मदिन पर बच्चों को दिए उपहार

150 डेस्क व 158 स्कूल बैग किए भेंट
बच्चों ने हैप्पी बर्थडे टू यू कह जताया विधायक का आभार


शाहपुर, 11 फरवरी 2026-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने अपने जन्मदिन के पूर्व दिन आज धारकंडी क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बोह में विद्यार्थियों को विशेष उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर उन्होंने अपनी ओर से लगभग 3.50 लाख रुपये की लागत से 150 डेस्क तथा 158 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए।
विधायक ने कहा कि यह वादा उन्होंने विद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान बच्चों से किया था, जिसे आज पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों की बेहतर शिक्षा एवं सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि धारकंडी क्षेत्र में अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं। भनाला–रूलेहड़ सड़क का निर्माण लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। क्षेत्र में बागवानी एवं पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं तथा किसानों के लिए जागरूकता शिविर भी शीघ्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने खबरू क्षेत्र के लिए रोपवे की संभावनाएं तलाशने तथा धारकंडी के लिए चार नई बस सेवाएं शुरू करने की योजना की जानकारी दी। साथ ही बोह घाटी के सांस्कृतिक कार्यक्रम को जिला स्तरीय दर्जा मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक ने बोह में 1.75 लाख रुपये की लागत से बने स्टेज शेड तथा प्राथमिक विद्यालय की 2.42 लाख रुपये से बनी चारदीवारी का लोकार्पण भी किया। उन्होंने युवा क्लब धारकंडी को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की तथा क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता व उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वचन सिंह ने विधायक का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर लवली शर्मा द्वारा बनाया गया चित्र भी विधायक को भेंट किया गया।

इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि डॉ कुलदीप धीमान, उपनिदेशक एलिमेंट्री अजय समयाल, उपनिदेशक मत्स्य विभाग डॉ राकेश , उपनिदेशक बागवानी डॉ अलक्ष पठानिया , अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, बीडीओ रैत कमलजीत, डीएफओ अमित, सहायक अभियंता लोक निर्माण नितेश, बीईईओ मिनटों देवी,जिप सदस्य रितिका शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय,बीओडी निदेशक विवेक राणा, प्रधान अजय बबली,प्रधान सपना,उपप्रधान पप्पू, ओम राज, अक्षय अत्री,प्रताप जरियाल के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।
=====================================
राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज में 8वीं कक्षा में प्रवेश को मांगे आवेदन
5 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन, 7 जून 2026 को होगी परीक्षा

धर्मशाला, 11 फरवरी: राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (आर.आई.एम.सी.) देहरादून में जनवरी 2027 सत्र में आठवीं कक्षा में प्रवेश पाने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक पात्र उम्मीदवार 5 अप्रैल, 2026 तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 7 जून 2026 को देश के चुनिंदा केन्द्रों पर होगी। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बताया कि प्रवेश पाने के लिए छात्र और छात्राएं दोनों ही आवेदन करने के पात्र हैं। उम्मीदवार की आयु पहली जनवरी 2027 को साढ़े 11 साल से कम और 13 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए अर्थात उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2014 से पहले तथा पहली जुलाई 2015 के बाद नहीं होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि लिखित प्रवेश परीक्षा 450 अंकों की होगी। अंग्रेजी की परीक्षा 125 अंक, गणित 200, सामान्य ज्ञान का पेपर 75 अंक का होगा। उतीर्ण उम्मीदवारों का 50 अंक का साक्षात्कार रखा गया है। साक्षात्कार की तारीख बाद में तय की जायेगी। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र और विवरण पत्रिका एवं पुराने प्रश्न पत्र राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून से प्राप्त किए जा सकते हैैं। आवेदन पत्र आरआईएमसी की वेबसाइट https://rimc.edu.in पर ऑनलाइन भुगतान करके प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र व विवरण पत्रिका का राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून, उतराखंड, पिन-248003 के नाम से बैंक ड्राफ्ट के भुगतान के माध्यम से भी प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग एवं अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए वर्ग प्रमाण पत्र की सत्यापित छायाप्रति भेजना अनिवार्य हैै। आवेदन पत्र स्पीड पोस्ट से भेजा जायेगा। आवेदक अंग्रेजी में अपना पत्र व्यवहार का पूरा पता, पोस्टल पिन कोड तथा फोन नम्बर के साथ लिखकर भेजेें। केवल राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज से प्राप्त आवेदन पत्र ही मान्य होंगे। बाजार में मिलने वाले या फोटो काॅपी किए गए तथा बिना मुहर के आवेदन पत्रों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्र (दो प्रतियों) के साथ दस्तावेजों में उम्मीदवार का जन्म प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाणपत्र, अनुसूचित जाति-जनजाति का प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य की ओर से वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत का मूल रूप में फोटो सत्यापित प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और उम्मीदवार के दो पासपोर्ट फोटो भेजने होंगे। अधिक जानकारी के लिए राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (आर.आई.एम.सी.) देहरादून की वेबसाइट आरआईएमसी.ऐडू.इन देखी जा सकती है।