उप मुख्यमंत्री ने गोविंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का लिया आनंद, बोले—पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए हिमाचल सरकार कर रही है निरंतर प्रयास

बिलासपुर, 10 दिसंबर-हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज ऊना से मंडी की ओर जाते हुए कुछ समय के लिए गोविंद सागर झील पहुंचे, जहां उन्होंने वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का प्रत्यक्ष रूप से आनंद लिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश में पर्यटन को नए आयाम देने के लिए पूर्ण संकल्पित है और पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देना पर्यटन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे प्रदेश की पहचान एडवेंचर टूरिज्म के तौर पर और अधिक मजबूत होगी।

उप मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन बिलासपुर के उन प्रयासों की सराहना की जिनके माध्यम से गोविंद सागर झील में जल क्रीड़ा गतिविधियों को योजनाबद्ध, सुरक्षित और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में झील में क्रूज, शिकारा, स्पीड बोट और वाटर स्कूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव का माध्यम बनने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से बिलासपुर जिला पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है और यह क्षेत्र अब प्रदेश के प्रमुख आकर्षणों में अपना महत्वपूर्ण स्थान बना रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन एवं स्थानीय प्रबंधन के समन्वित प्रयासों से गोविंद सागर झील पर्यटन की दृष्टि से एक मॉडल रूप में विकसित हो रही है। आने वाले समय में इस पहल को और विस्तृत किया जाएगा तथा नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, ताकि हिमाचल प्रदेश जल, नभ और थल पर्यटन की त्रिस्तरीय अवधारणा को साकार करने की दिशा में और अधिक सशक्त कदम बढ़ाए जा सकें।

इस अवसर पर हिमफैड के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, झंडूता कांग्रेस के नेता विवेक कुमार और हिमुडा के निदेशक बोर्ड के सदस्य जितेंद्र चंदेल उपस्थित रहे।

======================================================

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने परगना अजमेरपुर’ क्षेत्र की उठाऊ पेयजल योजना का निरीक्षण किया, बोले—जल आपूर्ति को स्थायी रूप से सुदृढ़ करना सरकार की प्राथमिकता

बिलासपुर, 10 दिसंबर-उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज ऊना से मंडी जाते हुए घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के परगना अजमेरपुर’ में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित की जा रही ‘हर घर नल से जल–उठाऊ पेयजल योजना’ का निरीक्षण करने पहुंचे। अधीक्षण अभियंता बिलासपुर राहुल दुबे ने उपमुख्यमंत्री को परियोजना के तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 53 करोड रुपए की लागत से बना रहे इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से घुमारवीं क्षेत्र की 21 पंचायतों के लगभग 55,000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बड़ी स्कीम के अंतर्गत 18 पुरानी पेयजल योजनाओं को जोड़ा जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में पेयजल समस्या का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि परियोजना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण कर योजना को शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत मुख्य भंडारण टैंक, सेक्टर स्टोरेज टैंक, इनटेक संरचना, बूस्टर स्टेज, राइजिंग मेन एवं ग्रेविटी मेन जैसी संरचनाओं का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। अब तक इस परियोजना पर 43.79 करोड़ रूपए व्यय किए जा चुके हैं। नागरिक कार्यों में आर.सी.सी. ओपन फ्रेम एवं एप्रोच संरचनाओं का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करना है, ताकि हर परिवार तक सुरक्षित व नियमित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए, ताकि जनता को इसका लाभ समय पर मिल सके।